शादी को नौ महीने भी न बीते, चली गई विवाहिता की जान, ससुरालीजन घर छोड़कर भागे
आगरा, 15 अगस्त। थाना जगदीशपुरा क्षेत्र में एक विवाहिता अपनी शादी के नौ महीने भी पूरे नहीं कर पाई। ससुराल में संदिग्ध हालात में उसका शव पाया गया। मृतका के मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाया है। ससुरालीजन फरार हैं। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, करीब दो माह पहले पुलिस से विवाहिता के उत्पीड़न की शिकायत की गई थी। तब पुलिस ने समझौता करा दिया था और महिला को ससुराल भेज दिया गया था। लेकिन उसका उत्पीड़न बंद नहीं हुआ।
धौलपुर राजाखेड़ा के गांव धारापुरा निवासी जयवीर का कहना है कि उन्होंने अपनी 22 वर्षीया बेटी प्रियंका की शादी 30 नवंबर, 2025 को बोदला के राहुल नगर में बोस्टन पब्लिक स्कूल के पास रहने वाले सत्यप्रकाश के बेटे हर्ष से की थी। शादी के बाद से ही ससुरालीजन अतिरिक्त दहेज के लिए बेटी का उत्पीड़न कर रहे थे। कई बार समाज की पंचायत भी हुई, लेकिन बेटी का उत्पीड़न बंद नहीं हुआ
विगत बुधवार को बेटी प्रियंका ने जयवीर को कॉल कर स्वयं की पिटाई किए जाने की शिकायत की। इस पर जयवीर ने दामाद हर्ष और अन्य को फोन मिलाया तो उन्होंने अभद्रता कर कॉल काट दी।
अगले दिन गुरुवार को भतीजे रामू के पास बोदला निवासी परिचित की कॉल आई। परिचित ने बताया कि प्रियंका को उसके पति हर्ष, देवर लक्की, सास अनीता, ससुर सत्यप्रकाश और चचेरे भाई गोविंदा और दो अन्य ने मारकर शव फंदे से लटका दिया है। जयवीर परिजनों के साथ बेटी की ससुराल पहुंचे तो वहां बेटी का शव बिस्तर पर मिला। उसके गले में फंदे के निशान थे।
जयवीर ने बताया कि विगत 20 जून को प्रियंका की पिटाई करने पर वह बेटी को लेकर मायके आ रहे थे। रास्ते में दामाद हर्ष और अन्य ने मारपीट की थी। पुलिस से शिकायत करने पर समझौता करा दिया गया और बेटी को ससुराल भेज दिया गया। लेकिन इसके बाद भी बेटी का उत्पीड़न बंद नहीं हुआ और आखिरकार उसकी जान चली गई।
__________________________________________
Post a Comment
0 Comments