यमुना में बढ़ते जलस्तर के मद्देनजर घाटों की बेरिकेडिंग, लोगों को दूर रहने की हिदायत

आगरा, 11 अगस्त। जिले में यमुना नदी के बढ़ते जलस्तर से घाटों की सीढ़ियां डूबने लगी हैं। किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए जिला प्रशासन बेरिकेडिंग कराना शुरू कर दिया है। लोगों को नदी के नजदीक से रोकने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। स्थानीय गोताखोर भी लगा दिये गए हैं।
खबरों के अनुसार, हथिनीकुंड और गोकुल बैराज से लगातार पानी छोड़े जाने के कारण यमुना नदी का जलस्तर 149.62 मीटर पर पहुंच गया है, जबकि यहां खतरे का निशान 152 मीटर पर है। बल्केश्वर घाट, पोइया घाट और मनोहरपुर के खेतों में पानी पहुंचने की खबर है। श्मशान घाट और ताजमहल के पीछे भी जलस्तर बढ़ गया है। 
सुरक्षा के मद्देनजर लोगों को घाटों और नदी के डूब क्षेत्र से दूर रहने की हिदायत दी गई है। जिला प्रशासन ने निचले इलाकों तथा 23 गांवों में अलर्ट जारी कर दिया है। गांवों में मुनादी करा दी गई है और बाढ़ चौकियों को सक्रिय कर दिया गया है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले लगभग दो हजार परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए राहत शिविर चिन्हित कर दिए गए हैं। 
_________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments