सिकंदरा में आढ़ती के यहां एक करोड़ नहीं 45 लाख की चोरी हुई थी, 41 लाख बरामद, ड्राइवर और उसका पिता गिरफ्तार
आगरा, 15 अगस्त। सिकंदरा स्थित फल एवं सब्जी मंडी की एक आढ़त में पिछले दिनों करीब 45 लाख रुपये की चोरी हुई थी। पुलिस जांच में यह चोरी सामने आई। हालांकि आढ़ती द्वारा शुरुआत में एक करोड़ रुपये की चोरी बताई जा रही थी। पुलिस ने आढ़ती के ड्राइवर शिशुपाल और उसके पिता वीरू को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की रकम में से करीब 41 लाख रुपये नकद बरामद कर लिए गए हैं। इसके अलावा चोरी का आईफोन और वारदात में इस्तेमाल ऑटो भी बरामद किया गया है।
डीसीपी सिटी सैय्यद अली अब्बास ने मीडिया को बताया कि आरोपी शिशुपाल आढ़ती के यहां ड्राइवर था और उसे मालिक के आने-जाने, घर और दुकान की गतिविधियों तथा नकदी से जुड़े मूवमेंट की पूरी जानकारी थी। आढ़ती हाजी नसीम के हैदराबाद जाने की जानकारी भी शिशुपाल को थी। इसी का फायदा उठाकर उसने अपने पिता वीरू के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई। पुलिस के अनुसार, 31 जुलाई की रात दोनों आरोपियों ने मौका देखकर आढ़त की दुकान को निशाना बनाया और वहां रखी नकदी चोरी कर ली। घटना के बाद दोनों ने खुद को शक से बचाने का प्रयास किया।
जांच में यह भी सामने आया कि शिशुपाल आढ़ती हाजी नसीम को एयरपोर्ट छोड़ने और लेने तक गया था। इस दौरान उसे आढ़ती के कार्यक्रम और उनके आने-जाने की जानकारी मिलती रही। पुलिस का मानना है कि इसी जानकारी के आधार पर आरोपी ने चोरी के लिए सही समय चुना।
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही आरोपियों के मोबाइल की सीडीआर और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की गई। जांच का दायरा आगे बढ़ने पर पुलिस को शिशुपाल की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। साक्ष्यों को जोड़ते हुए पुलिस आरोपियों तक पहुंच गई। पूछताछ के बाद पुलिस ने शिशुपाल और उसके पिता वीरू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक शिशुपाल के कब्जे से करीब 41 लाख रुपये नकद, चोरी किया गया आईफोन और वारदात में इस्तेमाल ऑटो बरामद किया गया है।
डीसीपी ने बताया कि शुरुआती सूचना में चोरी की रकम करीब एक करोड़ रुपये बताई गई थी, लेकिन पुलिस की जांच में वास्तविक चोरी की रकम करीब 45 लाख रुपये पाई गई। बरामदगी के बाद पुलिस अब रकम के स्रोत, घटना में दोनों आरोपियों की भूमिका और चोरी के बाद पैसों के इस्तेमाल की भी जांच कर रही है।
उन्होंने बताया कि घटना का शीघ्र खुलासा करने और चोरी की रकम की बड़ी बरामदगी पर पुलिस कमिश्नर की ओर से पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की गई है।
__________________________________________
Post a Comment
0 Comments