रोजाना धंस रही सड़कें, क्या जिम्मेदारों पर कार्रवाई करेगा प्रशासन?
आगरा, 15 अगस्त। ताजनगरी के नाम से विख्यात यह शहर अब गड्ढों का शहर बनता जा रहा है। लगभग रोजाना शहर के अलग अलग क्षेत्रों से सड़कें धंसने और बड़े गड्ढे होने की खबरें आ रही हैं। ऐसी हालत पर एक ही सवाल उठता है क्या निर्माण की गुणवत्ता पूरी तरह भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ चुकी है? क्या जिला प्रशासन निम्न गुणवत्ता वाली सड़कें बनाने वालों के खिलाफ कोई कड़ी कार्रवाई करेगा? या फिर लीपापोती होकर रह जाएगी।
कमला नगर और फाउंड्री नगर में सड़कें फिर से धंस गई। दोनों ही स्थानों पर गहरे गड्ढे हो गए। कमला नगर के कर्मयोगी एन्क्लेव रोड पर सड़क तीन बार धंस चुकी है। अब पानी की लाइन टूट जाने से फिर सड़क धंस गई। वहीं यमुना पार फाउंड्री नगर औद्योगिक क्षेत्र में गौशाला के पीछे की मुख्य सड़क अचानक धंस गई। सड़क में करीब 12 गहरा और चौड़ा गड्डा बन गया। क्षेत्रीय लोगों ने हादसा रोकने के लिए गड्ढे के चारों ओर सीढ़ी और झाड़ियां लगाकर रास्ता रोक दिया।
समाजवादी पार्टी के पूर्व प्रत्याशी विनय अग्रवाल ने बताया कि न्यू राजा मंडी कॉलोनी रोड पर भी 20 फुट गहरा और 10 फीट लंबा गड्ढा हो गया है। विनय अग्रवाल ने गड्ढे पर पहुंच कर तिरंगा झंडा फहराते हुए कहा कि हम 80 वां स्वतंत्रता दिवस बना रहे हैं क्या हमने ऐसी परिकल्पना की थी कि यह शहर गड्ढे वाला शहर कहलाये। उन्होंने कहा कि आगरा ताजमहल के कारण विश्व पटल पर जाना जाता है पिछले 15-20 दिन में शहर में गड्ढे ही गड्ढे दिख रहे हैं। हम अमेरिका और चीन को पीछे छोड़ने की बात करते हैं लेकिन रोड पुल तो छोड़िए अच्छी क्वालिटी की सड़क तक नहीं बनवा पा रहे हैं।
_________________________________________
Post a Comment
0 Comments