विद्युत करंट ने ले ली दो युवाओं की जान
आगरा, 15 अगस्त। थाना फतेहपुर सीकरी क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर विद्युत करंट की चपेट में आने से दो युवकों की मौत हो गई। एक घटना में कूलर में करंट उतरने से 25 वर्षीय युवक की जान चली गई, जबकि दूसरी घटना में इलेक्ट्रिक बोर्ड ठीक करते समय 18 वर्षीय युवक करंट की चपेट में आ गया।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, फतेहपुर सीकरी में 25 वर्षीय प्रताप सिंह कूलर से अचानक करंट लगने से गंभीर रूप से झुलस गया। परिजन तत्काल प्रताप को उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
इसके अलावा गुरजपुरा में 18 वर्षीय पवन दत्ता घर के इलेक्ट्रिक बोर्ड में आई खराबी को ठीक कर रहा था। इसी दौरान बोर्ड में शॉर्ट सर्किट होने से वह करंट की चपेट में आ गया।
परिजन और आसपास के लोग उसे गंभीर हालत में अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कुछ ही समय के अंतराल में करंट लगने से दो युवकों की मौत ने क्षेत्र को झकझोर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने दोनों मामलों में आवश्यक कार्रवाई शुरू की। दोनों युवकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। हादसों के कारणों की भी जांच की जा रही है।
__________________________________________
Post a Comment
0 Comments