एत्मादपुर में कांवड़ खण्डित होने पर भड़के कांवड़िये, लगाया जाम, पुलिस ने नई कांवड़ मंगाकर दी
आगरा, 16 अगस्त। थाना एत्मादपुर क्षेत्र में राधे-राधे हॉस्पिटल के सामने रविवार को एक एक्टिवा की टक्कर से कांवड़ लेकर जा रहे युवक को चोट लग गई। घायल युवक को संभालने के दौरान उसकी बहन ने कांवड़ सड़क किनारे रख दी, जहां कांवड़ खंडित हो गई। कांवड़ खंडित होने की जानकारी मिलते ही साथी कांवड़िये आक्रोशित हो गए और उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगाकर हंगामा शुरू कर दिया।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, शमसाबाद क्षेत्र के ज्ञान सिंह की घड़ी गांव के रहने वाले कांवड़िये कासगंज से कांवड़ लेकर अपने गांव लौट रहे थे। कांवड़ियों के जत्थे में युवक की बहन पूजा भी कांवड़ लेकर चल रही थी। बताया गया है कि युवक अपनी बहन पूजा को खाना देने के लिए जा रहा था। इसी दौरान एक एक्टिवा सवार ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगने से युवक सड़क पर गिर गया और उसके शरीर में हल्की चोटें आईं। भाई को सड़क पर गिरा देखकर पूजा उसे उठाने के लिए दौड़ीं। घायल भाई को संभालने के दौरान उसने अपनी कांवड़ सड़क किनारे रख दी। इसी दौरान कांवड़ खंडित हो गई। कांवड़ टूटने की खबर जैसे ही साथ चल रहे अन्य कांवड़ियों को मिली, वे नाराज हो गए। आक्रोशित कांवड़ियों ने नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया। दोनों ओर वाहनों की कतार लगने लगी और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
सूचना पर एत्मादपुर थाना प्रभारी आलोक कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने कांवड़ियों से बातचीत कर घटना की जानकारी ली और उन्हें समझाया कि मामले को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाया जाए। कांवड़ियों की आस्था को देखते हुए पुलिस ने नई कांवड़ लाने की व्यवस्था की। पुलिस की गाड़ी से दो कांस्टेबल और तीन कांवड़ियों को कासगंज भेजा गया, ताकि वहां से नई कांवड़ लेकर वापस आया जा सके। पुलिस की इस पहल से कांवड़ियों का गुस्सा शांत हुआ और उन्होंने हाईवे से जाम हटा लिया।
_______________________________________
Post a Comment
0 Comments