होटल में मिली युवक की लाश, ग्रामीणों का हंगामा, जांच में जुटी पुलिस
आगरा, 26 अगस्त। जनपद के थाना इरादतनगर क्षेत्र में
ग्वालियर हाईवे पर मुबारिकपुर मोड़ के पास संचालित एक होटल के कमरे में बुधवार को एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने की खबर है।
यह खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने होटल में अवैध गतिविधियां संचालित होने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। उन्होंने होटल में आए दिन युवा जोड़ों का जमावड़ा रहने के भी आरोप लगाए और पुलिस-प्रशासन से होटल की जांच कराकर उसे सीज करने की मांग की।
घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच-पड़ताल शुरू कर दी।
खबरों के अनुसार, थाना सैंया क्षेत्र के सिकंदरपुर निवासी 25 वर्षीय प्रवीण पुत्र राजवीर बुधवार को अपनी महिला मित्र के साथ इस होटल पहुंचा था। दोनों ने होटल में एक कमरा लिया था। कुछ देर तक दोनों के बीच बातचीत होती रही। बताया जा रहा है कि बातचीत के बाद अचानक प्रवीण ने कमरे को अंदर से बंद कर लिया। इसके बाद उसने कमरे में फांसी लगा ली। युवक के इस कदम से उसकी महिला मित्र घबरा गई।
कमरे के अंदर युवक द्वारा फांसी लगाने की जानकारी होते ही होटल कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारियों ने तत्काल कमरे को खोलकर प्रवीण को फंदे से नीचे उतारा। उस समय उसकी हालत बेहद गंभीर थी। होटल कर्मचारियों ने बिना देरी किए युवक को इटोरा, थाना मलपुरा क्षेत्र स्थित नवभारत हॉस्पिटल पहुंचाया। घटना की जानकारी पुलिस को भी दी गई। सूचना मिलते ही इरादतनगर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और पूरे मामले की जानकारी जुटाई।
घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रवीण के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर उपचार की सलाह दी। इसके बाद परिजन प्रवीण को आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। एसएन मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने युवक को बचाने के प्रयास किए, लेकिन उसकी हालत लगातार नाजुक बनी रही। उपचार के दौरान प्रवीण ने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद युवती के परिजन भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने युवती को अपने साथ घर ले गए। पुलिस ने होटल में हुई घटना को लेकर आवश्यक जानकारी जुटाई और संबंधित लोगों से पूछताछ की।
पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक तौर पर युवक द्वारा फांसी लगाने की बात सामने आई है। घटना के पीछे की वास्तविक वजह क्या थी, इसकी जांच की जा रही है। होटल में युवक और युवती के पहुंचने से लेकर घटना के समय तक की परिस्थितियों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
________________________________________
Post a Comment
0 Comments