Agra News: खबरें आगरा की...
"चित्रकला के रंग कान्हा जी के संग" में 37 छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की
आगरा, 26 अगस्त। संस्कार भारती और कलासाधना आर्ट एंड कैलीग्राफी द्वारा सदर बाजार में चित्रकला के रंग कान्हा जी के संग कार्यक्रम बुधवार को किया गया, इसमें 6 स्कूलों के 39 छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की। सहभागिता करने वाली बेला महाजन ने कहा कि मैंने 35 वर्षों के बाद अपना ब्रश पुनः उठाया।
इस अवसर पर मेवाड़ विश्वविद्यालय चित्तौड़गढ़ की कुलपति प्रो डॉक्टर चित्रलेखा सिंह ने कहा कि चित्रकला की सृजनशीलता अवसाद को दूर करती है। ललित कला संस्थान आगरा की पूर्व निदेशक डॉ सरोज भार्गव ने कहा कि चित्रकला की कल्पनाशीलता जीवन विशालता लाती है. ललित कला संस्थान आगरा के उपनिदेशक डॉ मनोज कुमार ने कहा कि रंगों की दुनिया अनन्त असीमित और बहुत ही हृदयस्पर्शी होती है। संस्कार भारती की ब्रज प्रांत की प्रांतीय संरक्षक डॉ साधना सिंह ने कहा कि मानव जीवन की पहली कलासाधना चित्रकला है। डॉ रुपाली खन्ना ने बताया कि सभी छात्र, छात्राओं को प्रमाणपत्र एवं गिफ्ट द्वारा सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर संस्कार भारती के प्रांतीय महामंत्री नन्द नन्दन गर्ग, ओम स्वरूप गर्ग, चित्रकार प्रोफेसर बिंदु अवस्थी, डॉ सपना गोयल, डॉ आभा सिंह गुप्ता, रश्मि सिंह, प्रगति तिवारी, वर्षा कुशवाहा, वेला महाजन, तृप्ति दुबे, अशोक गोयल, अतुल गुप्ता, अजय मिश्रा, नीनू गर्ग आदि उपस्थित रहे।
__________________________________________
धूलियागंज में गड्ढा पूजन कर नगर निगम और भाजपा विधायक को जगाने का प्रयास
आगरा, 26 अगस्त। समाजवादी पार्टी के नेता विनय अग्रवाल ने दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के धूलियागंज स्थित धोबीपाड़ा के पास सड़क पर हुए विशाल और जानलेवा गड्ढे का ‘पूजन’ कर नगर निगम और क्षेत्रीय विधायक को जगाने का कार्य किया गया।
उन्होंने कहा कि आगरा को स्मार्ट सिटी बनाने के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन शहर में जगह-जगह सड़कें धंस रही हैं और गहरे गड्ढों के कारण वाहन चालक दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में तो गड्ढे लोगों की जान और संपत्ति के लिए गंभीर खतरा बन चुके हैं। उन्होंने बताया कि धूलियागंज के इसी गड्ढे में एक मोटरसाइकिल जा घुसी, जिसमें सवार युवक बाल-बाल बचा। वहीं स्थानीय बुजुर्ग छोटेलाल अपने मकान के बाहर खाट पर सो रहे थे और उनकी खाट के बिल्कुल पास ही जमीन धंसकर बड़ा गड्ढा हो गया। गड्ढे के कारण उनके मकान में दरारें आ गई हैं और मकान जर्जर एवं गिरासू स्थिति में पहुंच गया है।
विनय अग्रवाल ने मांग की कि प्रशासन तत्काल छोटेलाल के मकान का तकनीकी निरीक्षण कराए, नुकसान का आकलन कराया जाए तथा उन्हें उचित मुआवजा दिया जाए और मकान का आवश्यक मरम्मत की जाए। इस दौरान अफरोज खान, मनोज अग्रवाल, जितेंद्र अग्रवाल, विमल वाल्मीकि, रवि जाटव, हिमांशु यादव, जिनेश अग्रवाल, भानु प्रताप सिंह उपस्थित रहे।
__________________________________________
60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को आजीवन निःशुल्क बस यात्रा का उपहार, मंजू भदौरिया ने जताया आभार
आगरा, 26 अगस्त। जिला पंचायत आगरा की अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया का कहना है कि लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना प्रदेश की 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की माताओं एवं बहनों को आजीवन निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा प्रदान करने वाली एक ऐतिहासिक एवं जनकल्याणकारी पहल है।
उन्होंने इसके लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया और कहा कि मातृशक्ति को निःशुल्क बस यात्रा का यह उपहार महिला सम्मान और सशक्तिकरण के प्रति प्रदेश सरकार की संवेदनशीलता एवं प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
__________________________________________
सुरमई संगीत और नाट्य प्रस्तुति का इंद्रधनुष
आगरा, 26 अगस्त। सिने संगीत के सफर पर केंद्रित इंद्रधनुष कार्यक्रम बुधवार को होटल ग्रांड में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का प्रारंभ जाइए आप कहां जाएंगे यह नजर लौट कर फिर आएगी गीत से प्रो आन्शवना सक्सेना ने किया।
सुशील सरित ने शाहजहां के गीत जब दिल ही टूट गया हम जी कर क्या करेंगे.., इसके बाद तो पूजा तोमर का गीत अफसाना लिख रही हूं दिले बेकरार का, लक्षिता महाजन का गीत दम मारो दम और फिर दिल तड़प तड़प के कह रहा है आभी जा ,ओरे माझी मेरे साजन हैं उस पार ,ये रातें यह मौसम नदी का किनारा ये चंचल हवा के साथ ,आज जाने की जिद ना करो जैसे मधुर गीतों ने समा बांधा।
इससे पूर्व लालची राजा और दो ठग नामक दो नाटकों की प्रस्तुति हरीश अग्रवाल, चंद्रशेखर शर्मा ,हरीश भदोरिया ,सुधीर शर्मा, डॉ रमेश आनंद, नव्या शर्मा एवं नेहा बागड़ी ने की।इस अवसर पर अमेरिका में पिछले 18 वर्षों से चिकित्सा सेवा देने वाले डॉक्टर दंपत्ति विशाल तिवारी एवं कीर्ति तिवारी का श्री अरुण डंग,डॉक्टर राजेंद्र मिलन ,अशोक अश्रु , दुर्ग विजय सिंह दीप एवं प्रो बीना शर्मा ने सम्मान किया।
__________________________________________
करतार सिंह भारतीय का निधन
आगरा, 26 अगस्त। बुद्ध विहार प्रबंधक समिति के अध्यक्ष, भीमनगरी आयोजन समिति के संरक्षक एवं वरिष्ठ अधिवक्ता करतार सिंह भारतीय का मंगलवार रात 84 वर्ष की आयु में निधन हो गया।
करतार सिंह भारतीय लंबे समय से सामाजिक गतिविधियों से जुड़े हुए थे। वह बहुजन समाज पार्टी से जुड़े रहे। उन्होंने मेयर पद का चुनाव भी लड़ा था। भारतीय जाटव समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं भाजपा नेता उपेन्द्र सिंह ने उनके निधन पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि स्वर्गीय करतार सिंह भारतीय का सामाजिक जीवन सदैव प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने समाज के लिए जो कार्य किए हैं, उन्हें सदैव याद रखा जाएगा।
__________________________________________
Post a Comment
0 Comments