दीवानी परिसर में विपक्षी ने मुवक्किल और महिला वकील पर छिड़का मिर्ची स्प्रे, वकीलों का हंगामा

आगरा, 25 अगस्त। जनपद न्यायालय दीवानी परिसर में तारीख पर आए युवक ने महिला अधिवक्ता और विपक्षी के भाई पर अदालत के बाहर मिर्ची स्प्रे छिड़क दिया। युवक की इस हरकत से वहां अफरातफरी मच गई। विशेष सुरक्षा बल (एसएसएफ) और थाना न्यू आगरा पुलिस के जवानों ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। इस बीच अन्य वकीलों ने एकत्रित होकर हंगामा शुरू कर दिया। करीब एक घंटे चले विरोध के बाद पुलिस आरोपी को थाना न्यू आगरा ले गई।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, थाना रकाबगंज क्षेत्र के बालूगंज निवासी अमित दीक्षित का कहना है कि उनके भाई अवधेश दीक्षित का थाना एत्माद्दौला क्षेत्र के बालाजी नगर निवासी महिला उषा देवी से सिविल का मुकदमा चल रहा है। मंगलवार को वह अपने भाई के साथ सीनियर डिवीजन छह की कोर्ट में तारीख पर आए थे। दोपहर 12 बजे वह महिला अधिवक्ता के साथ अदालत जा रहे थे।
वहां पहले से मौजूद उषा देवी के बेटे अजय कुमार ने अमित दीक्षित और महिला अधिवक्ता के चेहरे पर मिर्ची स्प्रे छिड़क दिया, जिससे अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी होने पर बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं की भीड़ अदालत के बाहर इकट्ठी हो गई।
एसएसएफ के जवान व थाना न्यू आगरा की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस के वकीलों को काफी समझाने के बाद भी उनका विरोध शांत नहीं हुआ। इसके बाद पुलिस कड़ी सुरक्षा में आरोपी को दीवानी से ले गई।
_________________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments