आगरा, 22 अगस्त। शहर के प्रमुख व्यापारिक स्थल संजय प्लेस में शनिवार की सुबह एक बार फिर अग्निकांड हो गया। आग फ्लेक्स के गोदाम में लगी, जिसमें लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। ज्वलनशील मानी जाने वाली फ्लेक्स में आग से हड़कंप मच गया। हालांकि अग्निशमन विभाग की त्वरित कार्रवाई से आग को अन्य गोदामों और दुकानों में फैलने से रोक दिया गया।
थाना हरिपर्वत क्षेत्र के अंतर्गत संजय प्लेस के फ्रेंड्स टावर के बेसमेंट में यह आग सुबह करीब पौने सात बजे लगी। आग की लपटें देख आसपास के लोगों ने उसे बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग बढ़ती देख फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। संजय प्लेस में ही स्थित फायर स्टेशन से तीन दमकलें तुरंत मौके पर पहुंच गईं और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू कर दिए। 
संजय प्लेस स्टेशन के अग्निशमन अधिकारी सोमदत्त सोनकर ने बताया कि करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। फ्लेक्स प्लास्टिक दाने से बनी होने के कारण काफी ज्वलनशील मानी जाती है। इससे आग काफी भड़कने का खतरा रहता है। 
संजय प्लेस पुलिस चौकी के पास स्थित यह गोदाम ए टी साइन के संचालक श्याम सुंदर महेश्वरी का है। पता चला है कि दुकानदार ने दुकान से ही नीचे गोदाम का रास्ता बना रखा है, जिससे फायर ब्रिगेड को आग पर काबू पाने में दिक्कत आई। हालांकि दमकल कर्मियों ने सूझबूझ के साथ आग पर काबू पा लिया। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया गया है। इस दौरान विद्युत वितरण कम्पनी टोरेंट पावर पर भी असहयोग के आरोप लगे। आरोप है कि क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति काटने में अनावश्यक विलम्ब किया गया।
गौरतलब पिछले कुछ महीनों में संजय प्लेस में आग लगने की कई घटनाएं हो चुकी हैं। इससे पहले एक रेस्टोरेंट, एक कंप्यूटर के गोदाम में भी आग लग गई थी।
________________________________________