कल भरा था गड्ढा, फिर बैठ गई सड़क; नगर निगम की मरम्मत की खुली पोल
आगरा, 27 अगस्त। धूलियागंज के धोबीपाड़ा में नगर निगम की कार्यशैली पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। जिस 15 फीट गहरे गड्ढे को बुधवार को निगम की टीम ने मिट्टी डालकर भर दिया था। यह मिट्टी फिर से बैठ गई। इससे साफ हो गया है कि निगम ने सिर्फ खानापूर्ति की। समस्या जस की तस बनी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मंगलवार की देर रात सीवर लाइन लीक होने से सड़क धंसी थी और 12 फीट चौड़ा गड्ढा बन गया था, जिसमें एक बाइक और टोरेंट का बिजली बॉक्स समा गया था। घटना की सूचना पर वार्ड 96 की पार्षद आरती शर्मा सुबह मौके पर पहुंचीं। उन्होंने नगर निगम, टोरेंट और पुलिस को जानकारी दी और हादसे से बचाव के लिए पानी की सप्लाई बंद कराई।
शिकायत के बाद बुधवार को निगम की टीम आई और ऊपर से मिट्टी डालकर चली गई। लेकिन गुरुवार सुबह फिर वही हाल था। डाली गई मिट्टी नीचे धंस गई और गड्ढा फिर से बन गया।
लोगों का कहना है कि यह होना ही था, क्योंकि अंदर सीवर लाइन लगातार लीक हो रही है और पूरी गली अंदर से खोखली हो चुकी है।
निवासियों का आरोप है कि पूरी गली पोली हो चुकी है और जगह-जगह से जमीन बैठ रही है। यह कोई पहला मामला नहीं है, पहले भी कई बार सड़क धंस चुकी है। नगर निगम को पूरी गली खोदकर मलबा भरकर नई सीवर लाइन डालनी चाहिए। सिर्फ ऊपर से मिट्टी डालने से कुछ नहीं होगा। आज एक जगह धंसी है, कल दूसरी जगह धंसेगी। जान का खतरा बना हुआ है।
फिलहाल फिर से धंसी सड़क के कारण लोगों में दहशत है। लोग अपने दोपहिया वाहन गली में खड़ा करने से भी डर रहे हैं। लोगों ने सड़क धंसने की वजह की जांच की मांग की है।
इस घटना को लेकर पार्षद के पुत्र अधिवक्ता अपूर्व शर्मा ने तंज कसते हुए कहा कि यह नगर निगम की 'स्पेस टेक्नोलॉजी' का नमूना है, जो शहर के विकास की पोल खोल रहा है।
_________________________________________
Post a Comment
0 Comments