आगरा में छिपा था अमेरिका में कत्ल का आरोपी, आधी रात को 12वीं मंजिल पर ऐसे दबोचा गया
आगरा, 27 अगस्त। कहानी किसी क्राइम थ्रिलर जैसी है। अमेरिका के मैरीलैंड में एक लड़की का कत्ल होता है, लाश सूटकेस में मिलती है और उसका पूर्व प्रेमी रातों-रात देश छोड़कर भाग जाता है। महीनों तक जांच एजेंसियां उसकी तलाश तमिलनाडु में करती रहती हैं, लेकिन वह आराम से आगरा के एक लक्जरी अपार्टमेंट की 12वीं मंजिल पर छिपकर बैठा होता है। यह आरोपी है 26 साल का सॉफ्टवेयर इंजीनियर अर्जुन शर्मा।
अमेरिका से आगरा तक का भागना
31 दिसंबर, 2025 की शाम। अमेरिका के मैरीलैंड के कोलंबिया इलाके में रहने वाली 27 साल की निकिथा गोडिशाला अचानक लापता हो जाती है। निकिथा "वेदा हैल्थ" में एनालिस्ट थीं। उनके लापता होने की शिकायत खुद अर्जुन शर्मा ही पुलिस में दर्ज कराता है और कहता है - उसने निकिथा को आखिरी बार अपने अपार्टमेंट में देखा था।
लेकिन जब अमेरिकी पुलिस ने अर्जुन के अपार्टमेंट की तलाशी ली तो अंदर का मंजर कुछ और ही था। वहीं से निकिथा का शव एक सूटकेस में बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक चाकू से हत्या की गई थी।
इससे पहले कि पुलिस उसे पकड़ती, अर्जुन 3 जनवरी, 2026 को फ्लाइट पकड़कर भारत आ गया। अमेरिका में उसके खिलाफ फर्स्ट और सेकंड डिग्री मर्डर का वारंट जारी हो गया।
पिता का आरोप - उधार के पैसों पर हुआ झगड़ा
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, निकिथा के पिता आनंद गोडिशाला का आरोप है कि निकिथा ने अर्जुन को काफी पैसे उधार दिए थे। निकिथा अपने पैसे वापस मांग रही थी और इसी विवाद में अर्जुन ने उसे अपार्टमेंट में बुलाया था।
भारत आने के बाद अर्जुन की गतिविधियां तमिलनाडु में मिलीं। सभी एजेंसियां वहीं उसे खोजती रहीं। इसी बीच हैदराबाद के लल्लागुड़ा थाने में दर्ज दूसरे केस में भी उसका नाम संदिग्ध के तौर पर सामने आया।
और आगरा के फ्लैट में खुला राज
इसी जांच के दौरान हैदराबाद पुलिस को उसके सोशल मीडिया और सर्विलांस से एक नई लोकेशन मिली - आगरा।
पता चला कि अर्जुन पिछले 15 दिनों से थाना एकता क्षेत्र के ताजनगरी फेस टू में शंकर ग्रीन अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 1202 में किराए पर रह रहा है। कोई नौकरी नहीं, किसी से ज्यादा मिलना-जुलना नहीं।
हैदराबाद से दो पुलिसकर्मी आये, फिर बनी योजना
मंगलवार रात 12:30 बजे। जब पूरा अपार्टमेंट सो रहा था, तब पुलिस की टीम ने 12वें फ्लोर पर दबिश दी। दरवाजा खुला तो अंदर अर्जुन अकेला था। करीब 15 मिनट तक पुलिस फ्लैट में रही, तलाशी ली और फिर उसे हिरासत में ले लिया। हैदराबाद पुलिस की टीम अर्जुन की तलाश में आगरा पहुंची थी और उसने आगरा पुलिस से संपर्क किया। इसके बाद थाना एकता पुलिस की मदद से उसके ठिकाने की जानकारी जुटाई गई और गैर-जमानती वारंट पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
अब आगे क्या?
अर्जुन को दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया गया। वहां सीबीआई ने बताया कि अमेरिका ने उसके प्रत्यर्पण की औपचारिक मांग की है। उसके खिलाफ अमेरिका में प्रथम और द्वितीय डिग्री मर्डर के आरोप में वारंट जारी था। कोर्ट ने माना कि वर्ष 1999 की भारत-अमेरिका प्रत्यर्पण संधि के तहत सभी शर्तें पूरी होती हैं।
फिलहाल वह न्यायिक हिरासत में है। जल्द ही कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे उसी देश में भेजा जाएगा, जहां से वह भागकर आगरा की एक ऊंची इमारत में छिपा बैठा था।
_________________________________________
Post a Comment
0 Comments