होटल में युवक के जान देने पर 24 घंटे के भीतर युवती ने भी घर में लगाया फंदा, दोनों की शादी कहीं और तय हुई थी
आगरा, 27 अगस्त। सैंया और इरादतनगर क्षेत्र में बुधवार और गुरुवार को हुई दो आत्महत्याओं ने सभी को झकझोर कर रख दिया। पहले युवक ने ग्वालियर हाईवे के एक होटल में जान दी और उसके 24 घंटे के भीतर ही उसकी महिला मित्र ने भी अपने घर में आत्महत्या कर ली। दोनों के बीच दोस्ती थी या प्रेम प्रसंग, पुलिस इसकी जांच कर रही है।
बुधवार दोपहर - होटल में पहला सुसाइड
मृतक की पहचान सैंया निवासी 26 वर्षीय प्रवीण के रूप में हुई थी। पुलिस के मुताबिक प्रवीण की शादी चार महीने पहले ही हुई थी। बुधवार दोपहर वह घर से निकला और इरादतनगर में ग्वालियर हाईवे पर स्थित एक होटल में कमरा लिया। होटल में जाने के बाद उसने अपनी महिला मित्र को वीडियो कॉल किया और आत्महत्या करने की बात कही। यह सुनते ही युवती घबरा गई और परिजनों के साथ होटल पहुंची। उसने होटल स्टाफ को सूचना दी। स्टाफ ने दरवाजा खोला तो प्रवीण फंदे पर लटका मिला। उसे तुरंत नीचे उतारकर एसएन मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। इस दौरान युवती को उसके परिजन अपने साथ घर ले गए।
बुधवार देर रात - दूसरा सुसाइड
बताया जा रहा है कि 24 वर्षीय युवती की शादी भी उसके परिवार ने तय कर दी थी। दिसंबर महीने में उसकी शादी होनी थी। प्रवीण की मौत के बाद से वह बेहद सदमे में थी।
परिजनों के अनुसार, बुधवार देर रात वह अपने कमरे में चली गई। आधी रात के बाद उसने कमरे में ही फंदा लगा लिया। गुरुवार सुबह जब परिवार के लोग उसके कमरे में पहुंचे तो उसे लटका देख चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
जांच में जुटी पुलिस
एसीपी सैंया जसवीर सिंह सिरोही ने मीडिया को बताया कि दोनों मामलों में प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला लग रहा है। युवती के परिजनों ने फिलहाल किसी के खिलाफ कोई तहरीर नहीं दी है। पुलिस दोनों के मोबाइल फोन और कॉल डिटेल्स की जांच कर रही है ताकि आत्महत्या के पीछे की असली वजह सामने आ सके।
______________________________________
Post a Comment
0 Comments