रक्षाबंधन पर मातम, ड्यूटी से लौट रहे पिता-पुत्र को तेज रफ्तार ईको ने कुचला, दोनों की मौत

आगरा, 28 अगस्त। थाना मलपुरा क्षेत्र के कागारौल कस्बे के एक घर में रक्षाबंधन की खुशी उस वक्त मातम में बदल गई, जब परिवार के दो सदस्यों की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत की खबर पहुंची।
गुरुवार देर रात करीब 11 बजे मलपुरा थाना क्षेत्र में लालऊ पुल के पास तेज रफ्तार ईको गाड़ी ने सामने से आ रही एक्टिवा को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक्टिवा सवार पिता और पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान कागारौल निवासी 48 वर्षीय पप्पू और उनके 22 वर्षीय पुत्र सनी के रूप में हुई। एसीपी सैंया जसवीर सिंह सिरोही ने मीडिया को बताया कि दोनों पिता-पुत्र सिकंदरा स्थित एक जूता फैक्ट्री में काम करते थे।
गुरुवार को रक्षाबंधन होने के बावजूद दोनों की नाइट शिफ्ट थी। परिवार का कहना है कि सुबह राखी बंधवाने के बाद दोनों दोपहर में ड्यूटी के लिए निकले थे। रात करीब 10:30 बजे शिफ्ट खत्म होने के बाद दोनों एक ही एक्टिवा पर सवार होकर घर लौट रहे थे।
जैसे ही वे खेरागढ़ रोड पर लालऊ पुल के पास पहुंचे, सामने से आ रही तेज रफ्तार ईको ने गलत दिशा में आते हुए उनकी एक्टिवा को सीधी टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शी मुकेश कुमार का कहना है, "ईको की स्पीड बहुत ज्यादा थी, करीब 80-90 की स्पीड में थी। टक्कर इतनी तेज थी कि एक्टिवा के परखच्चे उड़ गए और दोनों पिता-पुत्र 20 फीट दूर जाकर गिरे। दोनों के सिर में गंभीर चोटें आई थीं।"
टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। कुछ देर के लिए हाईवे पर जाम लग गया। लोगों ने तुरंत 112 पर सूचना दी।
सूचना पर मलपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को अपनी गाड़ी से तत्काल एसएन मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी पहुंचाया। वहां मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद ईको चालक गाड़ी को मौके पर छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर थाने भिजवा दिया है। गाड़ी के नंबर के आधार पर मालिक की पहचान की जा रही है।
रात करीब 12:30 बजे जब पप्पू के घर पुलिस पहुंची और हादसे की जानकारी दी, तो घर में चीख-पुकार मच गई। सनी अभी कुछ महीने पहले ही पिता के साथ फैक्ट्री में लगा था। दोनों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी मलपुरा ने बताया कि तहरीर के आधार पर ईको चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments