डीएम साहब, मेरे भाई की शादी करा दीजिए!
आगरा, 23 जुलाई। डीएम साहब, मैं पैरों से लाचार हूं। भाई के लिए लड़की ढूंढने में असमर्थ हूं, कृपया मेरे भाई की शादी करा दीजिए। जिला कलक्ट्रेट में गुरुवार को जनसुनवाई के दौरान एक विकलांग व्यक्ति ने जिलाधिकारी मनीष बंसल से यह गुहार लगाई।
यह अनोखी गुहार को सुनकर हर कोई हैरान रह गया। जिलाधिकारी ने उसके प्रार्थनापत्र को गंभीरता से लिया और अधीनस्थ के लिए आदेश जारी किए।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, लोहामंडी के राजनगर में रहने वाले ओमप्रकाश दोनों पैरों से विकलांग हैं। जनसुनवाई के दौरान कलक्ट्रेट पहुंचे ओमप्रकाश ने जिलाधिकारी मनीष बंसल को अपना प्रार्थना पत्र दिया। ओमप्रकाश ने बताया कि उनके माता-पिता का निधन हो चुका है। वह खुद पैरों से विकलांग है जिसके कारण घर से बाहर जाकर अपने भाई नरेंद्र के लिए दुल्हन की तलाश करने में पूरी तरह से असमर्थ है। ओमप्रकाश ने यह भी बताया कि उनके भाई की अच्छी आमदनी है।
उन्होंने जिलाधिकारी से किसी सरकारी आश्रम में रहने वाली युवती से भाई की शादी कराने का अनुरोध किया।
जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला समाज कल्याण अधिकारी को प्रकरण का परीक्षण कर आवश्यक सहयोग करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि समाज कल्याण विभाग और नगर निगम के सहयोग से मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत शादियां कराई जाती हैं। इच्छुक लोग अधिक जानकारी और योजना से जुड़ी शर्तों के लिए संजय प्लेस स्थित विकास भवन में संपर्क कर सकते हैं।
______________________________________
.gif)
Post a Comment
0 Comments