सपा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने नहीं करने दिया विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल के घर का घेराव, सभी प्रमुख रास्तों पर बैरिकेडिंग लगाये
आगरा, 23 जुलाई। भारतीय जनता पार्टी के विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल की सोशल मीडिया पोस्ट के विरोध में गुरुवार को उनके आवास का घेराव करने निकले समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने पहले ही रोक दिया। कमला नगर क्षेत्र में सपा नेता नितिन कोहली के घर के बाहर पुलिस बल तैनात कर इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया। सभी प्रमुख रास्तों पर बैरिकेडिंग लगाकर कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोक दिया गया।
दोपहर करीब 1:30 बजे सपा नेता नितिन कोहली के आवास पर पार्टी के शहर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास, राहुल चतुर्वेदी, राजपाल यादव सहित बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता एकत्र हुए। यहां से सभी भाजपा विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल के आवास की ओर कूच करने वाले थे, लेकिन पुलिस पहले से पूरी तैयारी के साथ मौजूद थी। बैरिकेडिंग हटाने को लेकर सपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई। कई बार कार्यकर्ताओं ने आगे बढ़ने की कोशिश की, जबकि पुलिस उन्हें रोकती रही। लगभग एक घंटे तक दोनों पक्ष आमने-सामने डटे रहे, जिससे इलाके में तनाव का माहौल बना रहा। एडीसीपी हिमांशु गौरव मौके पर पहुंचे। उन्होंने सपा नेताओं से बातचीत की और उनकी शिकायत सुनते हुए ज्ञापन व तहरीर मौके पर ही प्राप्त की। अधिकारियों के आश्वासन के बाद सपा नेताओं ने अपना विरोध समाप्त किया और कार्यकर्ता शांतिपूर्वक लौट गए।
बता दें कि विवाद की शुरुआत विगत 19 जुलाई को हुई, जब विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने अपने फेसबुक अकाउंट पर सांसद डिंपल यादव के एक इंटरव्यू का वीडियो साझा किया। वीडियो के साथ उन्होंने लिखा था "ससुर ने कारसेवकों पर गोलियां चलवाईं, अब बहू राममंदिर पर बुलडोजर चलवाने की बात कर रही है। राम विरोधी समाजवादी पार्टी को उत्तर प्रदेश और देश की जनता करारा जवाब देगी।"
इस पोस्ट पर समाजवादी पार्टी ने कड़ी आपत्ति जताई। 20 जुलाई को सपा नेता एवं आगरा उत्तर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी नितिन कोहली ने प्रेस वार्ता कर भाजपा विधायक से दो दिन के भीतर सार्वजनिक माफी मांगने की मांग की थी। साथ ही चेतावनी दी थी कि यदि माफी नहीं मांगी गई तो विधायक के आवास का घेराव किया जाएगा और उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी।
_________________________________________
.gif)
Post a Comment
0 Comments