वन विभाग ने पकड़े चार तस्कर, तेंदुओं की दस खाल और सिर बरामद
आगरा, 23 जुलाई। वन विभाग ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए चार तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से तेंदुओं की दस खाल और सिर बरामद किए हैं। यह गिरफ्तारी थाना सैंया क्षेत्र के अंतर्गत आगरा-ग्वालियर हाईवे पर स्थित एक होटल से गुरुवार की शाम की गई।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम भोगीराम, भगत सिंह, गब्बर और सतपाल बताये। वन रेंजर खेरागढ़ सम्यक सिंह केन और विशाल सिंह रेंजर फतेहाबाद ने मुखबिर की सूचना पर होटल में बैठे चारों लोगों को पकड़ा। उसके बाद सैंया पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तस्करों व बरामद समान को कब्जे में लेकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी।
बताया गया है कि वन विभाग की टीम दो दिन से आरोपियों के पीछे लगी हुई थी। बुधवार की रात्रि टीम को उनके होटल में रुकने की जानकारी मिली। इसके बाद टीम के एक व्यक्ति ने आरोपियों के बगल वाला कमरा किराए पर लिया और उन पर निगाह रखनी शुरू कर दी। गुरुवार की शाम करीब साढ़े सात बजे टीम ने चारों आरोपियों को धर दबोचा।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे तेंदुए की खाल शिवपुरी (मध्यप्रदेश) से लेकर आते हैं और दिल्ली, हरियाणा आदि अन्य राज्यों में बेचते हैं। इनका इस्तेमाल
घरों में ड्राइंग रूम की शोभा बढ़ाने के लिए किया जाता है।
__________________________________________
.gif)
Post a Comment
0 Comments