पचास हजार रुपये का इनाम और मिल गया छह दिन से लापता तोता "माऊ"
आगरा, 19 जुलाई। आवास विकास कॉलोनी से छह दिन पूर्व लापता तोता रविवार की दोपहर मिल गया। तोते को पाल रहे परिवार ने ढूंढने वाले को पचास हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की थी और इस आशय के होर्डिंग भी लगवाए थे।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, तोते माऊ के मालिक सुनील सिंह को एक व्यक्ति ने फोन कर कहा कि तोता माऊ उसके पास है। इसके बाद वीडियो कॉल पर उन्होंने माऊ की पहचान की। सुनील का कहना है कि उन्हें लगातार फर्जी कॉल आ रहे थे। रविवार को सुबह भी एक व्यक्ति ने फोन किया। उसने अपनी लोकेशन शास्त्रीपुरम इंडस्ट्रियल एरिया बताई और वहीं आकर माऊ को ले जाने के लिए कहा। सुनील ने कहा, "मुझे विश्वास नहीं हुआ, तो मैंने वीडियो कॉल कर तोता दिखाने को कहा। उस व्यक्ति ने वीडियो कॉल पर माऊ से मेरी बात कराई। वीडियो कॉल पर माऊ को देखकर मैंने उसकी पहचान कर ली। इसके बाद मैं शास्त्रीपुरम इंडस्ट्रियल एरिया पहुंचा। वहां एक व्यक्ति मिला। उसने अपना चेहरा कपड़े से ढक रखा था। माऊ की पहचान होने के बाद उस व्यक्ति ने मुझसे 50 हजार रुपये लिए और माऊ मुझे दे दिया।"
सुनील सिंह ने बताया कि उस व्यक्ति ने धमकी दी थी कि अगर इस बारे में किसी को बताया तो माऊ वापस नहीं मिलेगा। इसी डर से उन्होंने किसी को यह बात नहीं बताई। पैसे देने के बाद ही मुझे अपना पालतू तोता माऊ वापस मिल सका।
सुनील सिंह बताया, "माऊ के लौटते ही परिवार की खुशियां लौट आईं। माऊ हमारे परिवार का सदस्य बन चुका है। बेटा-बेटी उसको याद कर रो रहे थे। बेटी ने तो खाना तक छोड़ दिया था। अब तोता मिल गया है, हम सब बहुत खुश हैं।"
आवास विकास कॉलोनी की कान्हाजी रेजीडेंसी में रहने वाले सुनील सिंह इनकम टैक्स के वकील हैं। परिवार में पत्नी ममता सिंह और दो बच्चे, सृष्टि और अभिनव हैं। तोता मिलने के बाद सुनील सिंह की पत्नी ममता और बच्चे खुश हो गए। काफी देर तक तोता ममता के कंधे पर बैठा रहा। सुनील सिंह को एक साल पहले घर के पास पेड़ टूटने के दौरान तोते का बच्चा मिला था, जिसे उन्होंने पाल लिया और उसका नाम 'माऊ' रखा। माऊ परिवार के सदस्य की तरह था।
__________________________________________
.gif)
Post a Comment
0 Comments