आमंत्रण यात्रा में पति को दूसरी महिला के साथ देख पत्नी ने काटा हंगामा, मारपीट, यमुना में कूदकर जान देने की कोशिश

आगरा, 19 जुलाई। एक हिंदूवादी संगठन की ओर से यमुना किनारे निकाली जा रही आमंत्रण यात्रा में उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब एक महिला ने अपने पति को दूसरी महिला के साथ देख लिया। इससे कार्यक्रम स्थल पर हाई-वोल्टेज ड्रामा शुरू हो गया।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, महिला ने अपने पति विपिन पर दूसरी महिला के साथ संबंध होने का आरोप लगाया। पीड़िता का दावा है कि वह पिछले नौ वर्षों से विपिन के साथ रह रही है, लेकिन इसके बावजूद वह दूसरी महिला के साथ कार्यक्रम में पहुंचा था। जैसे ही महिला को इसकी जानकारी मिली, वह मौके पर पहुंच गई और विरोध जताने लगी। कुछ ही देर में दोनों महिलाओं के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। 
कार्यक्रम में मौजूद लोगों के सामने दोनों महिलाओं के बीच जमकर मारपीट हुई। अचानक हुए इस घटनाक्रम से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रा में शामिल लोग दोनों पक्षों को शांत कराने में जुट गए। 
आरोप है कि इसी बीच पति विपिन चुपचाप दूसरी महिला को मोटर साइकिल पर बैठाकर वहां से निकल गया। पति के जाने के बाद पीड़ित महिला भावुक हो गई और उसने यमुना में कूदकर जान देने की कोशिश की। हालांकि, मौके पर मौजूद एक सब-इंस्पेक्टर ने सतर्कता दिखाते हुए महिला को सुरक्षित बचा लिया।
कार्यक्रम स्थल पर काफी देर तक हंगामा चलता रहा। पूरे घटनाक्रम का वीडियो किसी ने अपने मोबाइल फोन में कैद कर लिया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद शहरभर में इस मामले की चर्चा तेज हो गई है। पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments