प्रो एसपी सिंह बघेल ने रखे ये तर्क- आगरा के मानसिक स्वास्थ्य चिकित्सालय को राष्ट्रीय संस्थान बनाया जाए
आगरा, 27 जुलाई। केंद्रीय राज्य मंत्री और स्थानीय सांसद प्रो एसपी सिंह बघेल ने रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष शहर में स्थित मानसिक स्वास्थ्य संस्थान एवं चिकित्सालय के उन्नयन के लिए मजबूती से तर्क रखे। उन्होंने इस आशय का पत्र भी मुख्यमंत्री को सौंपा।
प्रो बघेल का कहना है कि इस संस्थान का उन्नयन किए जाने से प्रदेश में मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ किया जा सकेगा तथा इस क्षेत्र में उच्च स्तरीय चिकित्सा, प्रशिक्षण एवं अनुसंधान को बढ़ावा मिलेगा। भौगोलिक दृष्टि से मध्यप्रदेश तथा राजस्थान राज्य के 40 किलोमीटर निकट होने, चार राष्ट्रीय राजमार्ग, दो एक्सप्रेसवे एवं अन्य माध्यमों द्वारा यात्रा के सुगम होने से आस-पास के राज्यों सहित पूरे उत्तर भारत की लगभग 70 करोड़ की जनसंख्या को इसका लाभ प्रदान किया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि आगरा स्थित मानसिक स्वास्थ्य संस्थान इस दृष्टि से अत्यंत उपयुक्त है, क्योंकि यहाँ पहले से ही विस्तृत परिसर, आधारभूत संरचना तथा दीर्घकालीन संस्थागत अनुभव उपलब्ध है। अपेक्षाकृत न्यूनतम अतिरिक्त वित्तीय निवेश के साथ इसे एक प्रमुख क्षेत्रीय मानसिक स्वास्थ्य केंद्र के रूप में विकसित किया जा सकता है, जिससे न केवल पश्चिमी उत्तर प्रदेश बल्कि समूचे उत्तर भारत के लोगों को अत्यधिक लाभ प्राप्त होगा।
रांची के लिए हो चुकी घोषणा,
आगरा में भी बनाया जाए
केंद्रीय राज्य मंत्री ने तर्क दिया कि इस वर्ष केन्द्रीय बजट में रांची स्थित केंद्रीय मनोचिकित्सा संस्थान को बेंगलुरु स्थित राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य एवं तंत्रिका विज्ञान संस्थान (NIMHANS) की तरह एक क्षेत्रीय शीर्ष संस्थान के रूप में उन्नत किए जाने की घोषणा की गई है, ताकि मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ किया जा सके। आगरा स्थित इस संस्थान को भी NIMHANS बेंगलुरु के प्रतिरूप में विकसित और सुदृढ़ बनाए जाने की शुरुआत होनी चाहिए। इस बारे में केंद्र सरकार को प्रस्ताव प्रेषित कर दिया गया है, प्रदेश सरकार द्वारा भी सहयोग किए जाने से इसमें तेजी से प्रगति हो सकेगी।
172 एकड़ में फैला है मानसिक स्वास्थ्य संस्थान
प्रो बघेल ने कहा कि आगरा मानसिक स्वास्थ्य संस्थान सन् 1859 में स्थापित किया गया था और यह 172 एकड़ में फैला हुआ सुदृढ़ आधारभूत संरचना वाला मानसिक स्वास्थ्य संस्थान है, जो लंबे समय से मानसिक रोगों के उपचार, प्रशिक्षण तथा अनुसंधान के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
_________________________________________
.gif)
Post a Comment
0 Comments