अनुमति मिली तो जनकपुरी में होगी हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा, चार प्रवेश द्वार और रामायणकालीन झांकियां भी सजेंगी, वरिष्ठ नागरिकों व दिव्यांगजनों के लिए अलग व्यवस्था करेंगे
आगरा, 27 जुलाई। भावना एस्टेट रोड सिकंदरा पर इस वर्ष सजने जा रही जनकपुरी में जिला प्रशासन की अनुमति मिलने पर राम बारात के मिथिला नगरी में प्रवेश के समय हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा कराई जायेगी। कावेरी कौस्तुभ अपार्टमेंट के निकट लगभग 16 हजार वर्ग मीटर क्षेत्रफल में जनक महल मंच तैयार किया जाएगा।
जनकपुरी क्षेत्र में प्रवेश के लिए चार भव्य मुख्य द्वार बनाए जाएंगे। पहला द्वार सावित्री देवी पुरुषोत्तम दास कैंसर हॉस्पिटल रोड की ओर, दूसरा भावना एस्टेट, तीसरा केके नगर तथा चौथा गुरुद्वारे की ओर बनाया जाएगा। वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांगजनों के लिए एक अलग विशेष प्रवेश द्वार रहेगा। प्रयास है कि उनके आवागमन की सुविधा के लिए गोल्फ कार्ट उपलब्ध कराई जाए। चारों प्रमुख मार्गों पर प्रतीक्षालय भी बनाए जाएंगे, जिससे वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों को सुविधा मिल सके।
जनकपुरी महोत्सव समिति के अध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि महोत्सव में प्रतिष्ठित रेस्टोरेंट्स के स्टॉल लगाए जाने का भी प्रयास है। जनक महल के अतिरिक्त प्रत्येक प्रवेश द्वार के निकट रामायण कालीन विशेष झांकियां स्थापित की जाएंगी। संपूर्ण जनकपुरी क्षेत्र को आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया जाएगा। प्रत्येक घर भी थीम के अनुरूप अलंकृत होगा।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजय गोयल एवं मुख्य संयोजक मनोज बंसल ने बताया कि इस बार श्रद्धालुओं को भगवान श्रीराम की बहन शांता तथा उनके पति श्रृंगी ऋषि के जीवन से भी परिचित कराया जाएगा। इसके लिए झांकी तैयार की जाएगी। उन्होंने कहा कि श्रृंगी ऋषि का आश्रम आगरा जनपद में स्थित होने के बावजूद अधिकांश लोगों को इसकी जानकारी नहीं है। महिला समिति की अध्यक्ष बनीं अमृता पोरवाल
महिला समिति की कार्यकारिणी की भी घोषणा कर दी गई। अमृता पोरवाल अध्यक्ष, आरती शर्मा मुख्य संरक्षक, सूची खंडेलवाल मुख्य संयोजक, शीतल अग्रवाल मुख्य कार्यकारी अधिकारी, एकता बंसल उपाध्यक्ष, सीमा सिंह महामंत्री, दीप्ति अग्रवाल कोषाध्यक्ष तथा मिसी यादव एवं शालिनी पोरवाल समन्वयक का दायित्व निभाएंगी।
मीडिया प्रभारी राणा सुशील सिंह ने बताया कि आयोजन समिति में निमित पोरवाल, कपिल पोरवाल, विश्वनाथ जुनेजा, अखिलेश दुबे, मनोज जादौन, पार्षद वेद प्रकाश गोस्वामी, साहूकार उपाध्याय, गर्वित ठुकराल, मनीष राजपाल, डॉ. गजेंद्र सिंह तोमर, नरेश सिंह जादौन, ऋषि खंडेलवाल, सुनील पाठक, नरेंद्र शर्मा एवं प्रभाकर शर्मा को भी शामिल किया गया।
__________________________________________
Post a Comment
0 Comments