प्लग एंड प्ले प्लेटेड फैक्ट्री परिसरों के निर्माण को बढ़ाना होगा- उद्यमियों से मुलाकात में बोले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
आगरा, 26 जुलाई। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री ने रविवार को यहां उद्यमियों से वार्ता करते हुए कहा कि उद्योगों के लिए प्लग एंड प्ले प्लेटेड फैक्ट्री परिसरों के निर्माण को बढ़ाना होगा। जगह की उपलब्धता और महंगाई दोनों की दृष्टि से भविष्य में प्लेटेड फैक्ट्री परिसर ही उद्योगों के विस्तार की आधारशिला होंगे। प्रदेश में कई जगहों पर इसका निर्माण हो रहा है। उन्होंने आगरा में बन रहे प्लेटेड फैक्ट्री परिसर के निर्माण की गति के बारे में भी जानकारी ली।
मुख्यमंत्री सुबह सर्किट हाउस में जिले के प्रमुख औद्योगिक संगठनों एवं उद्यमियों के साथ मुलाकात कर रहे थे। उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम लिमिटेड के अध्यक्ष राकेश गर्ग के नेतृत्व में उद्यमियों के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री का अभिनंदन करते हुए उद्योग हित में लिए गए निर्णयों के लिए आभार व्यक्त किया।
लघु उद्योग भारती के जिलाध्यक्ष विजय गुप्ता ने बताया कि उनके संगठन की मांग पर प्रदेश सरकार द्वारा उद्योगों पर गृहकर की दर को तीन गुना से घटाकर एक गुना कर दिया, इसके लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद ज्ञापन किया गया। अक्टूबर, 2024 से टीटीजेड के उद्योगों पर लागू प्रतिबंधों के संबंध में सर्वोच्च न्यायालय में प्रभावी पैरवी के परिणामस्वरूप उद्योगों को मिली निर्णायक राहत के लिए भी आभार व्यक्त किया गया। जिले के औद्योगिक विकास को नई गति प्रदान करने हेतु कई महत्वपूर्ण सुझाव रखे गए। मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि टीटीजेड के उद्योगों के समग्र विकास के लिए विशेष औद्योगिक पैकेज प्रदान किया जाए तथा नए औद्योगिक क्षेत्रों की स्थापना शीघ्र की जाए। निर्यात को बढ़ावा देने के लिए खाद्य उत्पादों के लिए विशेष योजना बनाई जाए। वेडिंग सिटी की स्थापना का प्रस्ताव भी रखा गया।
चैंबर अध्यक्ष ने भी रखी चार प्रमुख मांगें
मुलाकात के दौरान नेशनल चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स के अध्यक्ष मनोज बंसल ने जिले में आईटी पार्क की स्थापना का विषय भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। उन्होंने औद्योगिक क्षेत्रों के रख-रखाव शुल्क को कम किए जाने की भी मांग की। शहर में विश्वस्तरीय ट्रेड सेंटर की स्थापना की जरूरत बताते हुए कहा कि यह शहर पर्यटन नगरी होने के साथ-साथ जूता, चमड़ा, हस्तशिल्प, ग्लास, मार्बल, इंजीनियरिंग, फाउंड्री एवं एमएसएमई उद्योगों का प्रमुख केंद्र है। उन्होंने आगरा को टेक्सटाइल हब के रूप में विकसित किए जाने की भी मांग उठाई।
ये रहे मौजूद
प्रतिनिधिमंडल में टूरिस्ट वेलफेयर चैंबर के अध्यक्ष प्रह्लाद अग्रवाल, आगरा कोल्ड स्टोरेज एसोसिएशन के अध्यक्ष भुवेश अग्रवाल, लघु उद्योग भारती के प्रदेश सचिव मनीष अग्रवाल भी शामिल थे। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो.एस.पी. सिंह बघेल, प्रदेश के एमएसएमई मंत्री भूपेन्द्र सिंह चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष डा मंजू भदौरिया, भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, जिलाध्यक्ष प्रशांत पुनिया, पूर्व राज्यसभा सदस्य डॉ. अनिल जैन, पूर्व महानगर अध्यक्ष प्रमोद गुप्ता, समाजसेवी सुनील जैन भी उपस्थित रहे।
______________________________________
.gif)
Post a Comment
0 Comments