कमलानगर सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के दो छात्र लापता, परिवारों में हड़कंप, खोजबीन में जुटीं पुलिस टीमें

आगरा, 24 जुलाई। शहर की कमलानगर कॉलोनी स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के कक्षा नौ के दो छात्रों के लापता होने से परिवारों में हड़कंप मचा हुआ है। दोनों छात्र गुरुवार दोपहर स्कूल की छुट्टी के बाद घर के लिए निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर उनकी तलाश के लिए विशेष अभियान शुरू कर दिया है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, शुरुआती जांच में पुलिस को दोनों छात्रों की आखिरी लोकेशन आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर मिली। आशंका जताई जा रही है कि दोनों छात्र दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन में जाने के उद्देश्य से ट्रेन से रवाना हुए हो सकते हैं। हालांकि, पुलिस ने अभी इस संभावना की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
लापता छात्रों के नाम प्रथम गुप्ता पुत्र संजय गुप्ता, निवासी कर्मयोगी फौवारा और अमोल गुप्ता पुत्र आकाश गुप्ता, निवासी हनुमान नगर, एत्मादद्दौला बताए गए हैं। दोनों गुरुवार को सरस्वती शिशु विद्या मंदिर से दोपहर करीब 1:10 बजे स्कूल की छुट्टी होने के बाद एक साथ स्कूल से निकले थे। जब दो घंटे बाद भी वे घर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने पहले रिश्तेदारों, दोस्तों और परिचितों के यहां तलाश शुरू की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला।
जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें दोनों छात्र सुल्तानगंज पुलिया के पास एक साथ जाते हुए दिखाई दिए। इसके बाद तकनीकी जांच में उनकी आखिरी लोकेशन शाम करीब 3:20 बजे आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर मिली। इसके बाद पुलिस ने रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच शुरू कर दी है। रेलवे पुलिस से भी संपर्क कर दोनों छात्रों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
अमोल की मां मनोरमा ने पुलिस को बताया कि जब उन्होंने स्कूल के अन्य छात्रों से बातचीत की तो जानकारी मिली कि प्रथम ने अपने एक सहपाठी से फतेहाबाद में चल रही भागवत कथा में चलने के लिए कहा था। सहपाठी के मना करने के बाद दोनों छात्र वहां गए या नहीं, इसकी जानकारी लेने के लिए दोनों परिवार स्वयं फतेहाबाद स्थित कथा स्थल भी पहुंचे, लेकिन वहां भी उनका कोई पता नहीं चला।
परिजनों को आशंका है कि दोनों छात्र किसी तरह दिल्ली पहुंचने की कोशिश कर सकते हैं। इस बीच जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन से जुड़ी चर्चाओं के आधार पर यह संभावना भी सामने आई है कि वे वहां जाने का प्रयास कर रहे हों। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अभी तक इस संबंध में कोई ठोस प्रमाण नहीं मिला है और जांच जारी है।
डीसीपी सिटी सैय्यद अली अब्बास ने बताया कि दोनों छात्रों की गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है। पुलिस की कई टीमें सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और रेलवे नेटवर्क के जरिए उनकी तलाश कर रही हैं। आसपास के जिलों और संबंधित एजेंसियों को भी आवश्यक सूचना भेजी गई है। 
______________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments