अगस्त माह को “आगरा मूव्स बेटर” के रूप में मनाने का निर्णय
आगरा, 26 जुलाई। आगरा ऑर्थोपेडिक सोसाइटी की संजय प्लेस स्थित एक होटल में हुई बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि शहर में “आगरा मूव्स बेटर–2026” के नाम से एक व्यापक जन-जागरूकता अभियान प्रारम्भ किया जाए, जिसका उद्देश्य आगरा को हड्डियों एवं जोड़ों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूक, सक्रिय एवं स्वस्थ शहर के रूप में विकसित करना है।
बैठक में यह भी प्रस्ताव रखा गया कि आगामी सिटी क्लब्स की बैठक में अनुरोध किया जाएगा कि संपूर्ण अगस्त माह को “आगरा मूव्स बेटर” अभियान को समर्पित किया जाए, ताकि सभी सामाजिक, शैक्षणिक, औद्योगिक एवं सेवा संस्थाएँ मिलकर पूरे माह विभिन्न जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर सकें। अभियान के अंतर्गत विद्यालयों, महाविद्यालयों, उद्योगों, स्वयंसेवी संस्थाओं, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों, वरिष्ठ नागरिक संगठनों, महिला संगठनों, सेवा संस्थाओं तथा अन्य सामाजिक संगठनों को साझेदार के रूप में जोड़ने का निर्णय लिया गया है।
सोसाइटी के अध्यक्ष डॉ. अतुल कुलश्रेष्ठ ने कहा कि स्वस्थ समाज का निर्माण केवल चिकित्सकों के प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता आवश्यक है। सचिव डॉ. संजय चतुर्वेदी ने बताया कि अभियान के अंतर्गत हड्डियों एवं जोड़ों के स्वास्थ्य, ऑस्टियोपोरोसिस की रोकथाम, गठिया के प्रति जागरूकता, सही पोस्चर, गिरने से बचाव, व्यायाम तथा स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इसी क्रम में 2 अगस्त को पुलिस लाइन, आगरा में पुलिस कर्मियों एवं उनके परिवार, विशेष रूप से महिला पुलिस कर्मियों के लिए निःशुल्क बोन मिनरल डेंसिटी जांच, विटामिन-डी जांच (चयनित प्रतिभागियों हेतु), न्यूरोलॉजी परामर्श तथा ऑस्टियोपोरोसिस एवं गठिया विषयक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि चार अगस्त, राष्ट्रीय बोन एवं जॉइंट दिवस के अवसर पर एक विशेष जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
_________________________________________
.gif)
Post a Comment
0 Comments