अब मनोनीत भाजपा पार्षद भड़कीं नगर निगम अधिकारियों पर, सीएम और नगर विकास मंत्री से करेंगी शिकायत

आगरा, 24 जुलाई। नगर निगम के आला अधिकारी जनता की समस्याओं को छोड़िए, सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी के पार्षदों की जनशिकायतों की भी सुनवाई नहीं कर रहे हैं। पिछले दिनों नगर निगम में हुई बैठक में पार्षदगण अपना आक्रोश व्यक्त कर चुके हैं। अब आवास विकास कॉलोनी की निवासी और मनोनीत भाजपा पार्षद सुषमा ने भी नगर निगम के अधिकारियों की उदासीनता पर सवाल उठाए हैं। 
पार्षद सुषमा जैन का कहना है कि आवास विकास कॉलोनी में इन दिनों सड़कों पर गड्ढों की भरमार है। करकुंज चौराहे से रामलाल आश्रम के सामने गुजरने वाला मार्ग बुरी तरह क्षतिग्रस्त है। इस मार्ग पर देशदीपक इंटर कॉलेज और अस्पताल भी स्थित है। बड़ी संख्या में छात्र- छात्राएं प्रतिदिन इस मार्ग से निकलते हैं, लेकिन मार्ग के निर्माण को लेकर नगर निगम के अधिकारी लगातार उदासीनता बरत रहे हैं।
सुषमा जैन ने मार्ग के निर्माण के संबंध में महापौर हेमलता दिवाकर को अवगत कराया है, लेकिन दुर्भाग्य स्थिति है कि नगर निगम निर्माण विभाग के अभियंताओं की लापरवाही के चलते अभी तक इस मार्ग पर कोई भी निर्माण कार्य नहीं किया गया है। सुषमा जैन ने कहा कि इस अनदेखी की शिकायत वह प्रदेश के मुख्यमंत्री और नगर विकास मंत्री से करेंगी।
केवल मेयर के घर की लाइट सही, बाकी खराब
आवास विकास कॉलोनी के ही सैक्टर 16 निवासी एस के गर्ग ने लंबे समय खराब पड़ी स्ट्रीट लाइट का मुद्दा उठाया है। वे कई बार शिकायत कर चुके हैं, परन्तु नगर निगम ने सुनवाई नहीं की। उनका आरोप है कि यहां का लाइन मैन देवराज सिर्फ मेयर के घर तक स्ट्रीट लाइट चमका कर रखता है। शेष स्थानों की लाइटें एक माह से खराब पड़ी हैं, रात्रि में कुत्ते अलग परेशान करते हैं। 
_____________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments