इकलौते पुत्र ने पिता की लाइसेंसी राइफल से खत्म कर ली अपनी जिंदगी, बाह में झकझोरने वाली घटना
आगरा, 24 जुलाई। जिले के बाह क्षेत्र की टीचर्स कॉलोनी में शुक्रवार की सुबह 12वीं के छात्र ने पिता की लाइसेंसी राइफल से खुद को गोली मारकर जीवन समाप्त कर लिया। मृतक अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। घटना से हर कोई स्तब्ध रह गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने राइफल जब्त कर फोरेंसिक साक्ष्य जुटाए और जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान आदित्य शर्मा (18 वर्ष) के रूप में हुई। उसकी मां डौली गृहिणी हैं, जबकि पिता सुदीप शर्मा राजस्थान की एक निजी कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में कार्यरत हैं। नौकरी के कारण उनका अधिकतर समय घर से बाहर ही गुजरता है। परिजनों के अनुसार, सुदीप शर्मा गुरुवार देर रात करीब ढाई बजे ड्यूटी से घर लौटे थे। उस समय आदित्य जाग रहा था और उसी ने घर का दरवाजा खोला था। घर आने के बाद सुदीप ने अपनी लाइसेंसी राइफल कमरे में रख दी और आराम करने चले गए। शुक्रवार की सुबह आदित्य स्कूल नहीं गया। वह छत पर बने कमरे में था। परिवार को लगा कि देर रात तक जागने के कारण वह सो रहा होगा। कुछ समय बाद जब उसकी मां उसे उठाने पहुंचीं तो आदित्य ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। मां नीचे लौट आईं और अपने काम में लग गईं। सुबह करीब 10 बजे अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनते ही परिवार के सदस्य और आसपास के लोग छत की ओर दौड़े। कमरे का दरवाजा बंद होने के कारण तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दरवाजा खुलवाया तो अंदर का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए। आदित्य खून से लथपथ पड़ा था और उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। आदित्य के सिर में गोली लगी थी।
पिता सुदीप शर्मा ने पुलिस को बताया कि करीब दो-तीन वर्ष पहले आदित्य मानसिक तनाव और अवसाद से गुजर रहा था। उस समय उसका उपचार कराया गया था, जिसके बाद उसकी स्थिति सामान्य हो गई थी। हाल के दिनों में उसके व्यवहार में कोई असामान्यता दिखाई नहीं दी थी। ऐसे में उसने यह कदम क्यों उठाया, इसकी वजह परिवार भी नहीं समझ पा रहा है।
घटना की सूचना पर पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने लाइसेंसी राइफल को कब्जे में लेकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस को शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है।
__________________________________________
.gif)
Post a Comment
0 Comments