Agra News: खबरें आगरा की....

आगरा की बेटी मिताली गर्ग ने एमबीबीएस में जीता गोल्ड मेडल
आगरा, 27 जुलाई। गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज, बदायूँ के एमबीबीएस 2021 बैच में सभी विषयों में सर्वाधिक अंक प्राप्त कर गोल्ड मेडलिस्ट बनने वाली डॉ. मिताली गर्ग ने अपनी प्रतिभा, परिश्रम से आगरा का नाम गौरवान्वित किया है। 
डॉ. मिताली गर्ग के पिता कौशल किशोर गर्ग ने विपरीत परिस्थितियों में अपनी तीनों पुत्रियों का पालन-पोषण कर उन्हें उच्च शिक्षा दिलाई। डॉ. मिताली गर्ग की माताजी कल्पना गर्ग का निधन उनके बचपन में सड़क दुर्घटना में हो गया था। परिवार की बड़ी पुत्री रिद्धिमा गर्ग जर्मनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। सबसे छोटी पुत्री गुंजन गर्ग गुजरात से अपनी उच्च शिक्षा प्राप्त कर रही हैं। डॉ मिताली की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर परिवार, गुरुजन एवं शुभचिंतकों में हर्ष का वातावरण है। उनके शिक्षक रहे राजेंद्र पाराशर ने भी शुभकामनाएँ देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
________________________________________
कारगिल विजय दिवस पर कैडेट्स ने शहीद सैनिकों को  किया नमन 
आगरा, 27 जुलाई। एनसीसी आर्मी विंग एव एयर विंग के संयुक्त तत्ववधन में आगरा कॉलेज के सेमीनार हॉल में कारगिल विजय दिवस के अवसर पर एक श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया, जिसमें एनसीसी कैडेट्स ने ऑपरेशन विजय के दौरान 1999 में देश की रक्षा करते हुऎ अपने प्राणों को न्योछावर करने वाले वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर महाविद्यालय के उप प्राचार्य प्रो पीवी झा एवं मुख्य प्रानुशासक प्रो वीके सिंह ने अपने विचार रखे। एनसीसी आर्मी विंग के कंपनी कमांडर कैप्टन अमित अग्रवाल ने ऑपरेशन विजय के वीर सैनिकों के शौर्य एवं पराक्रम के बारे में चर्चा की। एयर विंग के फ्लाइंग ऑफिसर नितेश शर्मा ने भारतीय सेना एवं वायु सेना को विश्व का सबसे मजबूत सैन्य बल बताते हुए तीनों अंगों की प्रशंसा की। सार्जेंट प्राची अग्रवाल ने संचालन तथा अंडर ऑफिसर समायरा सिंह ने आभार व्यक्त किया।
________________________________________
कला साधिका समिति ने किया गुरुओं का सम्मान
आगरा, 27 जुलाई। संस्कार भारती कला साधिका, महानगर द्वारा गुरु पूर्णिमा पर्व श्रीराम मंदिर, जयपुर हाउस में मनाया गया। इस अवसर पर डा. इला किशोर,[स्त्रीरोग विशेषज्ञ] और डा. ममता मित्तल [चर्मरोग विशेषज्ञ] का शॉल व माला, पटका पहनाकर व स्मृति चिह्न देकर सम्मान किया गया। संरक्षिका आंचल जैन और बबीता पाठक को भी उनके योगदान हेतु पटका पहनाकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर महिलाओं द्वारा गुरु-वंदना, भजन एवं प्रेरक भाषण भी प्रस्तुत किए गए। समिति की अध्यक्ष अनीता भार्गव, कोषाध्यक्ष मीना अग्रवाल, सीमा अग्रवाल, रेनू सिंघल, सुनीता पाठक, अंजुली बंसल, निर्मल अग्रवाल, अनीता जैन, अलका जैन, समीक्षा गोयल, अंजू श्रीवास्तव, मनप्रीत कौर, नीलम उपाध्याय, अर्चना अग्रवाल, पूनम शर्मा उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का संयोजन नीता गर्ग, स्वागत मनप्रीत कौर, संचालन बबीता पाठक द्वारा किया गया। 
________________________________________
दृष्टिकोण संस्था ने हेल्प आगरा को दिये 80 डायलेजर तथा अन्य चिकित्सा उपकरण
आगरा, 27 जुलाई। "दृष्टिकोण संस्था" ने हेल्प आगरा संस्था द्वारा संचालित डायलिसिस सेवा के जरूरतमंदों के उपचार के लिए सोमवार को 80 डायलेजर किट इंजेक्शन के साथ भेंट किये। इसके अलावा 10 अन्नपूर्णाकिट, 5 वाॅकर,5 व्हीलचेयर तथा 10 स्टिक भी दी। 
हेल्प आगरा भवन में आयोजित कार्यक्रम में यह सामान दृष्टिकोण संस्था ने हेल्प आगरा के पदाधिकारियों को सौपें। हेल्प आगरा के सहयोग से एक फ्रीज भी मिढ़ाकुर के वृद्धाश्रम के लिये दिया गया। दृष्टिकोण संस्था की संस्थापिका अर्चना, मंजरी, माधुरी, मिली तथा प्रीति गुप्ता ने संस्था का परिचय बताया। गौतम सेठ ने हेल्प आगरा की सेवाओं के बारे में बताया। अध्यक्ष सुरेंद्र जैन ने संस्था के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस मौके पर दृष्टिकोण संस्था की सलोनी, ज्योति, आभार, सीमा, नेहा, सुनीता, बबली, काजल भिकीं तथा हेल्प आगरा के नरेश जैन, अनुज राठी, नंदकिशोर गोयल, राजीव गुप्ता, विशेष बंसल, मनीष गर्ग मौजूद रहे।
________________________________________
शिक्षा में कृत्रिम बुद्धिमत्ता पर संकाय विकास कार्यक्रम
आगरा, 27 जुलाई। दयालबाग शिक्षण संस्थान में सोमवार को शिक्षा में कृत्रिम बुद्धिमत्ता विषय पर पाँच दिवसीय संकाय विकास कार्यक्रम (एफडीपी) शुरू हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों एवं शिक्षाविदों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता के नवीनतम आयामों से परिचित कराना तथा शिक्षण, अधिगम, मूल्यांकन एवं शोध में उसके प्रभावी एवं नैतिक उपयोग के लिए सक्षम बनाना है।
निदेशक प्रो. सी. पटवर्धन ने उच्च शिक्षा में कृत्रिम बुद्धिमत्ता की परिवर्तनकारी भूमिका पर प्रकाश डाला। मुख्य अतिथि डॉ. अमित भगत, मौलाना आजाद राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान, भोपाल ने शिक्षा में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के उत्तरदायी एवं नैतिक उपयोग पर विशेष बल दिया। 
कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञ व्याख्यान, व्यावहारिक प्रशिक्षण एवं संवादात्मक सत्र आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम में देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों से 114 प्रतिभागी ऑनलाइन एवं ऑफलाइन माध्यम से सहभागिता कर रहे हैं।
________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments