हरिद्वार में सकुशल मिले आगरा के लापता छात्र, पुलिस दोनों को लेकर लौटी
आगरा, 25 जुलाई। कमला नगर स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के लापता हुए कक्षा नौ के दोनों छात्रों को पुलिस ने उत्तराखंड के हरिद्वार स्थित हर की पौड़ी से सकुशल बरामद कर लिया। दोनों छात्रों को पुलिस अपने साथ आगरा लेकर लौट आई।
गुरुवार दोपहर स्कूल की छुट्टी के बाद दोनों छात्र प्रथम गुप्ता पुत्र संजय गुप्ता, निवासी कर्मयोगी फव्वारा तथा अमोल गुप्ता पुत्र आकाश गुप्ता, निवासी हनुमान नगर, एत्माद्दौला अपने घर के लिए निकले थे, लेकिन देर शाम तक घर नहीं पहुंचे। परिजनों ने कोई सुराग नहीं मिलने पर कमला नगर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस ने तत्काल विशेष टीम गठित कर छात्रों की तलाश शुरू कर दी।
जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। उनकी आखिरी लोकेशन आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर मिली। इस सुराग के बाद पुलिस ने रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज, टिकट संबंधी जानकारी और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच शुरू की। पुलिस को यह जानकारी मिली कि दोनों छात्र दिल्ली की ओर जाने वाली ट्रेन में सवार हुए थे। इसी कड़ी को जोड़ते हुए पुलिस ने आगे की जांच की और लगातार पीछा करते हुए उत्तराखंड के हरिद्वार पहुंच गई। वहां हर की पौड़ी क्षेत्र में दोनों छात्र सकुशल मिल गए। इसके बाद कमला नगर पुलिस उन्हें अपने साथ आगरा ले आई।
दोनों छात्रों के सकुशल मिलने की सूचना मिलते ही परिवारों ने राहत की सांस ली। फिलहाल पुलिस दोनों छात्रों से पूछताछ कर यह जानने का प्रयास कर रही है कि वे घर से बिना बताए हरिद्वार क्यों पहुंचे, वहां जाने का उद्देश्य क्या था और इस दौरान उनके साथ कोई अन्य व्यक्ति तो नहीं था।
_________________________________________
.gif)
Post a Comment
0 Comments