योगी ने फिर जगाई आगरा में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की उम्मीद, दो दिवसीय दौरे की शुरुआत में 342 करोड़ की 53 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास

आगरा, 25 जुलाई। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को फतेहाबाद रोड स्थित टाटा मैदान में जनसभा को संबोधित करते हुए बड़ा संकेत दिया। उन्होंने कहा, "आगरा में सिर्फ एयरपोर्ट ही नहीं बनेगा, बल्कि हम यहां इंटरनेशनल एयरपोर्ट बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।" मुख्यमंत्री ने लगभग 342 करोड़ रुपये की लागत वाली 53 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। 
उन्होंने कहा कि ये परियोजनाएं जिले के विकास को नई गति देंगी और आम लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाएंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार आगरा को केवल घरेलू विमानन सुविधा तक सीमित नहीं रखना चाहती, बल्कि इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर का एयरपोर्ट देने की दिशा में तेजी से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि इससे पर्यटन, उद्योग, निर्यात और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे तथा ताजनगरी को वैश्विक पहचान और मजबूती मिलेगी।
द्विदिवसीय दौरे पर और मुख्यमंत्री ने ब्रजभूमि की सांस्कृतिक परंपरा का सम्मान करते हुए संबोधन की शुरुआत 'राधे-राधे' कहकर की। योगी आदित्यनाथ ने कानून-व्यवस्था पर सरकार का सख्त रुख दोहराते हुए कहा कि प्रदेश में बहन-बेटियों, व्यापारियों और आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि "जो लोग बहन-बेटियों या व्यापारियों पर बुरी नजर डालते हैं, उनकी जगह या तो जेल में है या फिर जहन्नुम में। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति लागू है और कानून से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में आम जनता की समस्याओं पर कोई सुनवाई नहीं होती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय "सैफई सिंडीकेट" जनता की मेहनत की कमाई की लूट-खसोट में लगा रहता था। आज प्रदेश में पारदर्शी, जवाबदेह और भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था स्थापित की गई है, जिससे सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक पहुंच रहा है।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा लगाई गई विकास प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। उन्होंने अधिकारियों से विभिन्न योजनाओं, नवाचारों और विकास कार्यों की जानकारी ली तथा योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा भी की। 
चांदी की चम्मच से कराया अन्नप्राशन संस्कार
प्रदर्शनी के दौरान मुख्यमंत्री बच्चों के बीच भी पहुंचे। उन्होंने बच्चों से बातचीत की, उनकी पढ़ाई और भविष्य की योजनाओं के बारे में पूछा तथा उन्हें चॉकलेट वितरित कर उत्साहित किया। मुख्यमंत्री ने एक शिशु का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया। उन्होंने चांदी की चम्मच से बच्चे को खीर खिलाकर भारतीय परंपरा के इस संस्कार को संपन्न कराया। 
भगवान श्रीकृष्ण का चित्र भेंट
जिला प्रशासन की ओर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पारंपरिक स्वागत किया गया। उन्हें जिले की प्रसिद्ध जरदोजी कला से निर्मित भगवान श्रीकृष्ण का चित्र भेंट किया गया। 
_________________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments