अचानक बन गए करोड़ों की संपत्ति के मालिक! ताजगंज से नौ लोग हिरासत में

आगरा, 25 जुलाई। थाना लोहामंडी पुलिस ने कथित जीएसटी फर्जीवाड़े में ताजगंज क्षेत्र से नौ लोगों को हिरासत में लिया है। जिन लोगों पर कार्रवाई हुई, उनमें से कुछ लोग कभी पुरानी मंडी क्षेत्र में पानी की बोतल बेचने का काम करते थे, लेकिन कुछ ही वर्षों में उनकी आर्थिक स्थिति में असाधारण बदलाव आया और वे करोड़ों की संपत्ति के मालिक बन गए। 
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, हिरासत में लिए गए लोगों में अतुल राठौर, मनीष राठौर और विवेक राठौर प्रमुख हैं। इनके अलावा छह अन्य लोगों को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। अब तक इस मामले में चार आरोपियों को नामजद किया गया है, जबकि अन्य की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस इस पूरे मामले को फर्जी फर्मों, टैक्स चोरी और संदिग्ध वित्तीय लेन-देन से जोड़कर जांच कर रही है।
आरोपियों की कुछ ही वर्षों के अचानक बढ़ी संपत्ति और संदिग्ध कारोबार ने जांच एजेंसियों का ध्यान अपनी ओर खींचा। पुलिस और संबंधित विभाग यह पता लगाने में जुटे हैं कि कहीं फर्जी जीएसटी फर्मों, फर्जी बिलिंग, इनपुट टैक्स क्रेडिट के दुरुपयोग या अन्य आर्थिक अनियमितताओं के जरिए अवैध रूप से संपत्ति तो नहीं अर्जित की गई। हिरासत में लिए गए सभी लोगों से दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन के आधार पर पूछताछ की जा रही है।
थाना लोहामंडी पुलिस का कहना है कि जांच अभी प्रारंभिक चरण में है। पूछताछ और दस्तावेजों की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच में बड़े आर्थिक अपराध या टैक्स चोरी के साक्ष्य मिलते हैं तो संबंधित केंद्रीय और राज्य एजेंसियों को भी मामले में शामिल किया जा सकता है।
_________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments