यूपी टी20 लीग के चौथे सीजन के लिए आगरा में कल ढाई सौ क्रिकेटरों की बोली लगेगी

आगरा, 23 जुलाई। यूपी टी20 लीग के चौथे सीजन की शुरुआत 14 अगस्त को लखनऊ के इकाना स्टेडियम से होगी और फाइनल मैच छह सितंबर को कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेला जाएगा। पूरा आयोजन आईपीएल की तर्ज पर होगा और दर्शकों को आईपीएल जैसा अनुभव मिलेगा। 
शिल्पग्राम के निकट स्थित एक होटल में गुरुवार को यूपी टी20 लीग के चेयरमैन डा. संजय कपूर ने पत्रकारों को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लीग मुख्य रूप से लखनऊ और कानपुर में खेली जाएगी। इसके बाद फार्मेट बदलकर दूसरे शहरों में भी मैच कराए जाएंगे।
लीग के लिए शुक्रवार को ताजनगरी में लगने वाली बोली में आक्शनर अंगद बेदी होंगे। इसमें 250 खिलाड़ियों से अधिक पर बोली लगेगी। दस खिलाड़ी पांच लाख रुपये में, 45 खिलाड़ी साढ़े तीन लाख रुपये में और बाकी खिलाड़ी ढाई लाख रुपये में फ्रेंचाइजी खरीदेंगी।
विभिन्न टीमों के पास पर्याप्त बैलेंस है। गोरखपुर लायंस के पास 55.90 लाख रुपये, नोएडा सुपर किंग्स के पास 80.60 लाख रुपये, मेरठ मावरिक्स के पास 28.70 लाख रुपये, लखनऊ फाल्कंस के पास 30.20 लाख रुपये, काशी रुद्रास के पास 47.15 लाख रुपये और कानपुर सुपरस्टार्स के पास 60 लाख रुपये हैं।
प्रेस वार्ता के दौरान जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष सुनील जोशन, उपाध्यक्ष राजेश सहगल, संयुक्त सचिव सर्वेश भटनागर और अनीस राजपूत भी उपस्थित थे।
____________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments