गूगल पर चिकित्सक का नंबर खोज रही महिला के खाते से 1.34 लाख रुपये पार!

आगरा, 29 जुलाई। शहर में एक और साइबर ठगी होने की शिकायत दर्ज कराई गई है। गूगल पर चिकित्सक का फोन नम्बर खोज रही महिला का साइबर ठगों ने बैंक खाता हैक कर 1.34 लाख रुपये पार कर दिए। पीड़िता ने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, भोपाल निवासी निशी कुलश्रेष्ठ ने अपने पिता का इलाज कराने के लिए शास्त्रीपुरम स्थित अपने बड़े भाई के घर आई थीं। इस बीच उन्हें एलएन हॉस्पिटल के डॉ. नागेंद्र सिंह के बारे में जानकारी मिली। उन्होंने गूगल से मोबाइल फोन नंबर खोजकर अपॉइंटमेंट के लिए कॉल किया। लेकिन यह कॉल साइबर ठग ने रिसीव किया और उसने निशी के मोबाइल फोन पर दस रुपये पंजीकरण शुल्क जमा कराने के लिए एक लिंक भेजा। निशी ने भरोसा करते हुए लिंक पर क्लिक कर भुगतान का प्रयास किया, लेकिन ट्रांजेक्शन सफल नहीं हुआ। 
लेकिन दो-तीन दिन बाद 15 जुलाई की सुबह उनके बैंक खाते से लगातार आठ ट्रांजेक्शन में कुल 1.34 लाख रुपये निकाल लिए गए। इससे घबराई निशी ने एनसीआरपी पर शिकायत दर्ज कराई। 
इस बारे में डीसीपी साइबर क्राइम आदित्य कुमार का मीडिया से कहना है कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और संबंधित बैंक खातों, मोबाइल फोन नंबरों और डिजिटल ट्रांजेक्शन की जांच की जा रही है। जल्द ही पुलिस अपराधियों तक पहुंच जाएगी।
________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments