अलीगढ़ का प्रशिक्षु विमान कासगंज में दुर्घटनाग्रस्त, महिला पायलट गम्भीर घायल, आगरा लाया गया

आगरा, 29 जून। पड़ोसी जनपद कासगंज में आज सोमवार की दोपहर एक ट्रेनिंग विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसा करीब चार बजे पुलिस लाइन के पीछे स्थित बरेली-मथुरा 6-लेन हाईवे के पास हुआ। प्रशिक्षु विमान अचानक अनियंत्रित होकर बिजली के हाईटेंशन तारों से टकरा गया और सड़क किनारे जा गिरा।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, विमान में केवल महिला ट्रेनी पायलट कायनात खान पुत्री कादर खान सवार थीं। उन्होंने अलीगढ़ स्थित फ्लाइंग ट्रेनिंग अकादमी से नियमित प्रशिक्षण उड़ान के तहत टेकऑफ किया था। दुर्घटना में उन्हें गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए आगरा रेफर कर दिया गया।
क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि विमान कुछ देर तक इलाके के ऊपर चक्कर लगा रहा था। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह तेजी से नीचे आने लगा। देखते ही देखते विमान बिजली के तारों से टकराया, जिससे तेज आवाज हुई और विमान हाईवे किनारे दुर्घटनाग्रस्त हो गया। 
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंच गए। दुर्घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी गई। विमान के मलबे को सुरक्षित कर दिया गया ताकि तकनीकी जांच में किसी तरह की बाधा न आए।
प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि विमान का संतुलन बिगड़ने के बाद वह बिजली के तारों से टकराया, लेकिन हादसे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। तकनीकी खराबी, मौसम, इंजन फेल होने या किसी अन्य कारण की संभावना को ध्यान में रखते हुए विस्तृत जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही दुर्घटना की सही वजह सामने आ सकेगी।
अलीगढ़ स्थित चेतक एविएशन डीजीसीए से मान्यता प्राप्त फ्लाइंग ट्रेनिंग अकादमी है। यहां पायलट प्रशिक्षण के लिए मुख्य रूप से शेषना 172 और शेषना 152 जैसे हल्के प्रशिक्षण विमान इस्तेमाल किए जाते हैं। 
_______________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments