आगरा सहित कई शहरों में आयकर के छापे, सीएसआर खातों में गड़बड़ी को लेकर जांच, सीए भी आए दायरे में
आगरा, 18 अगस्त। आयकर विभाग की अन्वेषण शाखा ने मंगलवार को शहर में वित्तीय प्रबंधन कंपनी से जुड़े लोगों पर छापेमारी की। इनमें कुछ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के यहां भी सर्च टीम ने छापेमारी की। बताया गया है कि आयकर टीमों ने आगरा के अलावा कानपुर, मुंबई और राजस्थान के कुछ शहरों में भी छापेमारी की है।
गौरतलब है कि कुछ माह पहले आयकर विभाग ने आगरा, मथुरा, अलीगढ़ समेत कई शहरों में छापेमारी करते हुए जेएसएस ट्रस्ट के कॉरपोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी (सीएसआर) खातों में बड़ी वित्तीय गड़बड़ियां पकड़ी थीं। कंपनी पर सीएसआर के नाम पर विदेशों में भी वित्तीय लेन-देन के आरोप लगे थे। माना जा रहा है कि उन्हीं पुराने कनेक्शनों के आधार पर ताजा छापे मारे गए हैं। कंपनी पर कारोबार से जुड़ी आय को सही तरह से आयकर रिटर्न में न दिखाने और बड़ी हेरफेर की आशंका है।
सूत्रों का कहना है कि इसी सिलसिले में आगरा के कंपनी से जुड़े एक चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के कालामहल स्थित परिसर पर भी छापेमारी की गई। शहीद नगर स्थित कुछेक सीए के यहां भी जांच होने की चर्चा है।
जांच टीमें वित्तीय दस्तावेज खंगालने में जुटी हैं। सभी नए-पुराने रिकॉर्ड चेक किए जा रहे हैं। मुंबई और राजस्थान में भी भेजी गई टीमों से समन्वय बनाया जा रहा है। जांच जारी रहने के कारण आयकर अधिकारी अभी आधिकारिक तौर पर कुछ बोलने को तैयार नहीं हैं। माना जा रहा है कि यह जांच लंबी खिंच सकती है।
______________________________________
Post a Comment
0 Comments