"तू डाल-डाल, मैं पात-पात," दबिश के लिए एंबुलेंस और ऑटो रिक्शे में बैठकर पहुंची, 19 जुआरी दबोचे

आगरा, 17 अगस्त। पुलिस ने विगत रात्रि जुए के अड्डे पर छापा मारने के लिए "तू डाल-डाल, मैं पात-पात" वाली कहावत को अमल में लाते हुए 19 जुआरियों को धर दबोचा। जुआरियों ने अपने अड्डे की ओर आने वाली सड़क पर जगह जगह स्पीड ब्रेकर बनवा रखे थे और इन पर गुर्गों को मुखबिरी के लिए तैनात कर रखा था, लेकिन पुलिस का दिमाग उनसे तेज चला। छापा मारने के लिए पुलिस एंबुलेंस और ऑटो रिक्शे में बैठकर जुए के अड्डे पर पहुंच गई। 
पुलिस ने पकड़े गए जुआरियों से 74,790 रुपये नकद बरामद किए। नौ मोबाइल फोन, दो मोटरसाइकिल और एक स्कूटी भी सीज की गई। पुलिस ने निगरानी के लिए बनाए गए ब्रेकर भी तुड़वा दिए।
थाना सदर के अंतर्गत देवरी रोड के निकट नगला जस्सा में पुलिस टीम सरकारी वाहन छोड़कर एंबुलेंस से जुए के अड्डे तक पहुंची, जबकि दूसरी टीम ऑटो रिक्शे में सवार होकर मौके पर गई। रास्ते में निगरानी कर रहे गुर्गों ने एंबुलेंस और ऑटो को नजरअंदाज कर दिया। पुलिस ने अचानक दबिश देकर 19 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। मुख्य आरोपी लक्ष्मी नारायण फरार है।
बताया गया है कि नगला जस्सा निवासी लक्ष्मी नारायण के खिलाफ पहले भी मुकदमे दर्ज हैं। उसने अपने घर और आसपास सीसीटीवी कैमरे लगवा रखे हैं। जुए का फड़ चलने के दौरान आने-जाने वाले रास्तों पर गुर्गे तैनात रहते थे। उनका काम पुलिस की गतिविधियों पर नजर रखना और तत्काल सूचना देना था। इसी वजह से पहले पुलिस की कई दबिशें नाकाम हो चुकी थीं और टीम के पहुंचने से पहले ही फड़ खाली हो जाता था।
इस बार पुलिस ने रणनीति बदली। टीम एंबुलेंस में सवार होकर पहुंची। दूसरी टीम ने ऑटो का सहारा लिया। एसीपी सदर राम प्रवेश गुप्ता ने मीडिया को बताया कि मौके से बंटी, अजय नैनाना ब्राह्मण, अतुल, मुकुल, जय सिंह, मुरारी, करन, सुमित, सोनू, गौरव, शैलेंद्र सिंह, गोपाल सिंह, अर्जुन, आकाश, उदयपाल सोनी, हैप्पी, सोनू, निर्वेश और रामदास को गिरफ्तार किया गया। गांव की ओर जाने वाले रास्तों पर लक्ष्मी नारायण ने कई ब्रेकर बनवा रखे थे। इनकी वजह से वाहनों की रफ्तार कम हो जाती थी और हर ब्रेकर पर एक गुर्गा निगरानी करता था। कार्रवाई के बाद पुलिस ने इन सभी ब्रेकरों को तुड़वा दिया।
__________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments