आगरा से पीएनबी शाखा प्रबंधक को पकड़ कर ले गई सीबीआई टीम, सोलर पैनल लोन में रिश्वत लेने का आरोप
आगरा, 26 जून। सीबीआई टीम द्वारा जिले में पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) की जैतपुर के भदरौली बैंक शाखा में सोलह घंटे तक जांच के बाद प्रबंधक को गिरफ्तार कर लिया।
मीडिया रिपोर्ट में कहा गया है कि सीबीआई ने शाखा प्रबंधक को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया और इसके बाद शाखा कार्यालय में लम्बी छानबीन की।प्रबंधक को टीम अपने साथ ले गई। आगे की कार्रवाई के लिए उसे सीबीआई कोर्ट में पेश किया जाएगा।
खबरों के अनुसार, सोलर पैनल लगवाने पर उपभोक्ता के खाते में सब्सिडी बैंक के माध्यम से भेजी जाती है। पैनल लगवाने के लिए लोग बैंक से लोन ले रहे हैं, एक प्राइवेट कंपनी के कर्मचारी ने सीबीआई में शिकायत की कि पीएनबी की भदरौली ब्रांच में सोलर पैनल के लोन के लिए 19 फाइल दी थी, प्रति फाइल सात हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही है। जबकि बैंक द्वारा पहले से ही लोन की मंजूरी दी जा चुकी है। इसके बाद भी पैसे मांगे जा रहे हैं।
गुरुवार शाम को सीबीआई की टीम ने छापा मारा। गाजियाबाद से पहुंची 12 सदस्यीय टीम ने बैंक के दस्तावेजों को खंगालने के साथ ही स्टाफ से कई घंटे तक पूछताछ की। शुक्रवार सुबह तक सीबीआइ की टीम ने बैंक में जांच पूरी की। बैंक के अधिकारी और कर्मचारियों को भी बाहर नहीं निकलने दिया गया। सुरक्षा की दृष्टि से थाना पुलिस को बुलाकर बैंक के बाहर तैनात किया गया। इसके बाद टीम के सदस्यों ने बैंक से जुड़े रिकार्ड की जांच शुरू की। दस्तावेजों के साथ ही कंप्यूटर में मौजूद रिकार्ड को देखने के साथ ही टीम के सदस्यों ने बैंक स्टाफ से पूछताछ की।
_____________________________________

Post a Comment
0 Comments