सेंट्रल अंजना मॉल में अग्निशमन विभाग ने की मॉकड्रिल
आगरा, 26 जून। लखनऊ में विगत दिनों हुए अग्निकांड में 15 लोगों के मारे जाने के बाद ताजनगरी के अग्निशमन विभाग द्वारा विभिन्न संस्थानों का कड़ाई से निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को एमजी रोड स्थित सेंट्रल अंजना मॉल में मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया।
फायर स्टेशन संजय प्लेस के अग्निशमन अधिकारी सोमदत्त सोनकर के नेतृत्व में फायर ब्रिगेड की
टीम दमकल और अन्य सुरक्षा उपकरणों से लैस होकर दोपहर बारह बजे अंजना मॉल पर पहुंची। टीम ने पहुंचते ही सक्रियता के साथ अग्निशमन उपायों का प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान मॉल में स्थित लगभग सभी शॉप, शोरूम और ऑफिस में कार्यरत लोगों को भी एक स्थान पर एकत्रित कर समझाया गया कि आग लगने की स्थिति में बिना किसी दहशत में आये किस प्रकार बचाव करना है। अग्निशमन कर्मियों ने इस दौरान आग में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर लाने और उन्हें प्राथमिक उपचार देने का प्रदर्शन किया।
करीब एक घंटे चली इस मॉक ड्रिल में मॉल के कर्मचारियों ने भी भाग लिया। अग्निशमन अधिकारी सोमदत्त सोनकर ने बताया कि उनके द्वारा प्रतिदिन व्यावसायिक स्थलों पर अग्निशमन उपायों का निरीक्षण किया जा रहा है। संजय प्लेस स्थित कई व्यावसायिक स्थलों के संचालकों को नोटिस भी जारी किए गए हैं। नोटिस अवधि में सुरक्षा उपायों को मजबूत न करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
________________________________________

Post a Comment
0 Comments