Agra News: खबरें आगरा की....
जैन मंदिर की जमीन पर कब्जे का प्रयास!
आगरा, 28 जून। छीपीटोला स्थित पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर की जमीन पर रविवार की सुबह कुछ अराजक तत्वों ने कब्जे का प्रयास किया।
कुछ लोगों ने कमेटी पदाधिकारी के भतीजे दीपक जैन से मारपीट की और दरवाजे पर अपना ताला लगा दिया। सूचना पर मंदिर कमेटी के लोगों के साथ सैकड़ों की संख्या में जैन समाज के लोग पहुंच गए। थाना रकाबगंज का घेराव कर दिया। विरोध स्वरूप दुकानें बंद कर दी। पुलिस से भी जैन समाज के लोगों की बहस हो गई। शिकायत पर पुलिस सीसीटीवी के माध्यम से आरोपियों की जानकारी जुटा रही है। एहतियातन मंदिर के पास फोर्स तैनात कर दिया गया।
________________________________________
रवि नारंग बने डिस्ट्रिक्ट रोलर स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष
आगरा, 28 जून। डिस्ट्रिक्ट रोलर स्पोर्ट्स एसोसिएशन की बैठक में सर्वसम्मति से रवि नारंग को संस्था का अध्यक्ष चुना गया।
जनरल सेक्रेटरी गगन मदान ने बताया कि शीघ्र ही जिला स्तरीय रोलर स्पोर्ट्स चैंपियनशिप आयोजित की जाएगी, जिसमें विभिन्न विद्यालयों, क्लबों एवं प्रशिक्षण केंद्रों के खिलाड़ी भाग लेंगे। बैठक में सदस्यता अभियान, खिलाड़ियों के पंजीकरण, प्रशिक्षण शिविर, वार्षिक खेल कैलेंडर, रेफरी प्रशिक्षण तथा खेलों के प्रचार-प्रसार पर चर्चा की गई। मोहिनी मदान, अनंत बघेल, अनुराग वशिष्ठ, अतुल बघेल, प्रीति बघेल, शुभम शर्मा, अरुण जाट, सन्नी यादव, विकास, चंद्रेश शर्मा उपस्थित रहे।
________________________________________
विधायक विजय शिवहरे की मांग, शहीद कैप्टन आशीष देवा के नाम पर हो मेट्रो स्टेशन
आगरा, 28 जून। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मंत्री एवं विधान परिषद सदस्य विजय शिवहरे ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर जनपद के किसी उपयुक्त मेट्रो स्टेशन का नाम शहीद कैप्टन आशीष देवा के नाम पर रखने का आग्रह किया है। पत्र में उल्लेख किया कि शहीद कैप्टन आशीष देवा ने वर्ष 2002 में मातृभूमि की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया था। उनका साहस, पराक्रम और राष्ट्रभक्ति सदैव देशवासियों, विशेषकर युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत रहेगी।
________________________________________
आर. बी. एस. चैलेंजर्स ने जीता मुकाबला
आगरा, 28 जून। आर. बी. एस. इंटर कॉलेज क्रिकेट एकेडमी में अंडर - 14 के खिलाड़ियों के मध्य तीन मैचों की शृंखला का पहला मैच आर. बी. एस. चैलेंजर्स ने आर. बी. एस. अचीवर्स को 15 रनों से हराकर जीत लिया।
निर्धारित 30 ओवरों के मैच में पहले बल्लेबाज़ी करते हुए आर. बी. एस. चैलेंजर्स की पूरी टीम 29.3 ओवरों में 201 रन बनाकर आउट हो गई। कप्तान कुणाल राजपूत ने 43, अनिरुद्ध शर्मा ने 33, ऋतिविक ने 31 एवं योगेश ने 27 रन बनाये। आर. बी. एस. अचीवर्स की ओर से गेंदबाजी करते हुए आदर्श ने 4 व अध्ययन शर्मा ने 3 विकेट लिए। जवाब में बल्लेबाजी करते हुए आर. बी. एस. अचीवर्स की टीम क्रिशिव की 4 ओवरों में 21 रन देकर 7 विकेट की घातक गेंदबाज़ी के आगे 28.4 ओवरों में 186 रन बनाकर आउट हो गई। सोमदेव सिंह ने 48 एवं युवान पाठक ने 29 रन बनाये।
मैच के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार क्रिशिव को पूर्व क्रिकेटर प्रवीण शर्मा ने प्रदान किया। मैच के दौरान आगरा डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव प्रकाश कौशल, आयोजन सचिव विवेक यादव , अतुल सोलंकी , पूर्व क्रिकेटर नवीन गोस्वामी, पूर्व क्रिकेटर राव हरेंद्र सिंह, नागेश पंडित , डॉ चंद्रशेखर शर्मा, फैसल रईस , हेमंत चाहर, अमित चौहान , कमेंटेटर नरेंद्र शर्मा उपस्थित थे ।
________________________________________
'मन की बात' कार्यक्रम राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा देता है: नवीन जैन
आगरा, 28 जून। राज्यसभा सदस्य नवीन जैन ने रविवार को कमला नगर स्थित अपने आवास पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक कार्यक्रम 'मन की बात' के 135वें संस्करण को सुना।
इस अवसर पर सांसद नवीन जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रेरक संबोधन 140 करोड़ देशवासियों को आत्मनिर्भर भारत, समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण के लिए निरंतर प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि 'मन की बात' केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी को मजबूत करने और प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रहित में अपना योगदान देने के लिए प्रेरित करने का सशक्त माध्यम बन चुका है।
________________________________________
खिलाड़ियों को बताए यातायात के नियम
आगरा, 28 जून। "ड्राइव शील्ड फाउंडेशन" द्वारा कॉसमॉस क्रिकेट अकादमी और अजीत सिंह क्रिकेट अकादमी के मैदानों पर अकादमी के खिलाड़ियों के लिए यातायात नियम जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। मुख्य प्रशिक्षक एवं फाउंडेशन के अध्यक्ष प्रवीण कुमार ने बिना लाइसेंस के एवं बिना हेलमेट पहने वाहन न चलाने और सड़क पर अंकित रेखाओं के विषय पर सभी खिलाड़ियों को विस्तार से समझाया। इस अवसर पर अकादमी में मुख्य प्रशिक्षक फिरोज खान, सहयोगी द्रवित शर्मा, हरवीर सिंह, हरीश विष्ट, ललित मोहन शर्मा, धीरज मोहन सिंघल उपस्थित थे।
________________________________________
Post a Comment
0 Comments