चिकित्सा क्षेत्र में केवल तकनीकी दक्षता नहीं, ईमानदारी, मानवीय संवेदनाएं, सतत सीखने की प्रवृत्ति भी जरूरी
आगरा, 28 जून। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की जिला शाखा द्वारा संजय प्लेस स्थित एक होटल में आयोजित संगोष्ठी में आधुनिक चिकित्सा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स, क्रिटिकल केयर, ऑन्कोलॉजी, एनेस्थीसिया, मेडिको-लीगल विषयों एवं चिकित्सकीय संवाद पर विशेषज्ञों ने विचार साझा किए।
मुख्य अतिथि एवं यथार्थ ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स के चेयरमैन डॉ. कपिल त्यागी ने कहा कि चिकित्सा क्षेत्र में सफलता केवल तकनीकी दक्षता से नहीं, बल्कि ईमानदारी, मानवीय संवेदनाओं, सतत सीखने की प्रवृत्ति और रोगी-केंद्रित सेवा से प्राप्त होती है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने पैनल चर्चा में चिकित्सकों द्वारा पूछे गए सभी प्रश्नों का विस्तार से उत्तर दिया। आईएमए की प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. वाणी पुरी, डॉ वाई बी अग्रवाल, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. एसपीएस चौहान उपस्थिति भी रही।
परिचर्चा के दौरान डॉ. राकेश भाटिया ने कहा कि आधुनिक तकनीक के युग में भी मजबूत क्लीनिकल परीक्षण ही सही निदान की आधारशिला है। डॉ. सुनील बंसल ने गंभीर रोगी की समय रहते पहचान एवं शीघ्र हस्तक्षेप के महत्व को रेखांकित किया। डॉ. रजनीश कुमार मिश्रा ने बताया कि प्रभावी संवाद न केवल उपचार का महत्वपूर्ण हिस्सा है बल्कि चिकित्सक-रोगी विश्वास एवं मेडिको-लीगल सुरक्षा का भी आधार है। डॉ. दीप्तिमाला अग्रवाल ने एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस की बढ़ती चुनौती एवं एंटीबायोटिक स्टूअर्डशिप की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।
डॉ. प्रांजल गुप्ता ने भविष्य की सुरक्षित एवं स्मार्ट एनेस्थीसिया तकनीकों की जानकारी दी। डॉ. प्रभात अग्रवाल ने मोटापा तथा मधुमेह प्रबंधन में उनकी उपयोगिता पर विस्तृत जानकारी दी। डॉ. वरुण अग्रवाल ने नई संभावनाओं पर प्रकाश डाला। डॉ. सुरेश खुशवाहा ने व्यावहारिक एवं साक्ष्य-आधारित उपयोग के महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए। डॉ. मयंक जैन ने आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस की चिकित्सकों के लिए उपयोगिता पर चर्चा की। डॉ. स्वाति द्विवेदी ने जन्मजात रोगों की शीघ्र पहचान के महत्व को समझाया। डॉ. रणवीर सिंह त्यागी ने चुनौतीपूर्ण परिस्थिति में समयबद्ध एवं समन्वित उपचार की आवश्यकता पर बल दिया। डॉ. मेघल गोयल ने रोबोटिक सर्जरी को भविष्य की सटीक एवं उन्नत सर्जिकल तकनीक बताया। डॉ. श्वेतांक प्रकाश ने रोबोटिक सर्जरी के वर्तमान एवं भविष्य में स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ने वाले प्रभावों की जानकारी दी।
अध्यक्ष डॉ. पंकज नगायच और सचिव डॉ. रजनीश कुमार मिश्रा ने सभी वक्ताओं, प्रतिनिधियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
________________________________________
Post a Comment
0 Comments