मुख्यमंत्री कार्यालय पहुंचा भाजपा पार्षद के नाले में खड़े होकर केक काटने का मामला, आनन-फानन में 66.90 करोड़ रुपये से नाला निर्माण का प्रस्ताव भेजा गया

आगरा, 27 जून। भारतीय जनता पार्टी के पार्षद श्रीकिशन नायक द्वारा नाले में खड़े होकर जन्म दिन का केक काटने का मामला मुख्यमंत्री कार्यालय तक पहुंच गया। मुख्यमंत्री कार्यालय ने नाले का निर्माण न किए जाने पर नाराजगी जताई।
इसके बाद जल निगम के इंजीनियरों ने आनन-फानन में आरसीसी नाले के निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया और 66.90 करोड़ रुपये से बनने वाले नाले का प्रस्ताव निगम प्रशासन ने शासन को भेज दिया। 
भाजपा पार्षद श्रीकिशन नायक का आरोप है कि 14 साल से सुल्तानगंज की पुलिया-जीवनी मंडी यमुना नदी तक नाले की ठीक से सफाई नहीं हुई है। नाला सफाई के नाम पर नगर निगम के अधिकारियों ने जनता से छल किया है। शहर में 18 बड़े और 251 मध्यम नाले हैं। 15 जून तक सभी नालों की सफाई होनी थी लेकिन सफाई के नाम पर रस्म अदायगी की गई। गुरुवार को भाजपा पार्षद किशन नायक ने नाले में खड़े होकर 42वां जन्म दिवस मनाया था। समर्थकों के साथ केक काटा था। इससे निगम के अधिकारियों की खूब किरकिरी हुई। 
बता दें कि पार्षद किशन नायक ने नाला सफाई की मांग को लेकर नगरायुक्त संतोष कुमार, सहायक नगरायुक्त अशोक प्रिय गौतम, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. संजीव वर्मा से शिकायत की थी। अधिकारियों ने निरीक्षण भी किया लेकिन 70 प्रतिशत भूमिगत और 30 प्रतिशत ओपन नाला की सफाई शुरू नहीं हुई। टूटी-पड़ी बाउंड्रीवाल का निर्माण भी नहीं किया गया।
Get an exciting opportunity by clicking this advertisement
मुख्यमंत्री कार्यालय के संज्ञान में आने के बाद नगर निगम के अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी गई। बताया गया है कि जनप्रतिनिधियों ने भी निगम के अधिकारियों को आड़े हाथ लिया।
अब नगरायुक्त संतोष कुमार का कहना है कि स्मार्ट वाटर ड्रेनेज योजना में 66.90 करोड़ रुपये से आरसीसी नाला का निर्माण होगा। इसका प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है। शासन से अनुमति मिलने के बाद कार्य शुरू होगा।
________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments