आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर सुबह बड़ा हादसा, डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर पलटी, दरोगा और कैदी समेत सात की मौत

लखनऊ, 26 मई। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर उन्नाव जिले में मंगलवार की सुबह करीब पांच बजे बड़ा हादसा हो गया। एक्सप्रेस-वे डबल डेकर एसी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में दरोगा और कैदी समेत सात यात्रियों की मौत हो जाने की खबर है। तीन पुलिसकर्मियों समेत 25 यात्री घायल हो गए। हादसा औरास थाना क्षेत्र में एक्सप्रेस-वे के माइलस्टोन 262 के पास हुआ। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे का संज्ञान लिया और घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया कि ड्राइवर को झपकी आने से हादसा हुआ। दिल्ली से बिहार जा रही बस में 36 यात्री सवार थे। बस तेज रफ्तार में थी। अचानक ड्राइवर ने बस से नियंत्रण खो दिया। बस डिवाइडर से टकराकर किनारे लगी रेलिंग पर लटक गई। इससे कई यात्री बस की खिड़कियों से एक्सप्रेस-वे के नीचे गिर गए। एक का पैर कटकर अलग हो गया।
मृतकों में बिहार के सीवान पुलिस लाइन में तैनात दरोगा रामचंद्र राम (59) और गुरुग्राम निवासी कैदी छत्तरपाल सिंह तोमर (59) भी शामिल हैं। सीवान पुलिस की टीम 24 मई को कैदी को गुरुग्राम कोर्ट में पेशी के लिए लेकर गई थी।
हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। एक्सप्रेस-वे के बगल में ढलान वाली जगह पर घायल तड़पते रहे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। करीब आधा दर्जन एंबुलेंस की मदद से 32 घायलों को पास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। सीएचसी में डॉक्टरों ने छह यात्रियों को मृत घोषित कर दिया। शेष को लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। जहां इलाज के दौरान एक और घायल ने दम तोड़ दिया। पुलिस के मुताबिक, बस में अधिकतर यात्री बस्ती, सिद्धार्थनगर और गोरखपुर के रहने वाले थे। 
Get an exciting opportunity by clicking this advertisement 
मृतकों में दरोगा और कैदी के अलावा सुरेश कुमार जायसवाल निवासी मुंडेरा बाजार (गोरखपुर), विदेशी गुप्ता निवासी मदपुर (गोरखपुर), विजय कुमार निवासी फारेसन गोविंदपुर (बस्ती) शामिल हैं। दो की पहचान अभी बाकी है।
सफीपुर सीओ सोनम सिंह ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 5.15 से 5.30 बजे के बीच एक्सप्रेस-वे पर बस हादसा हुआ। पांच लोगों की मौके पर, जबकि दो की इलाज के दौरान मौत हो गई। एक को सामुदायिक केंद्र से ही छुट्‌टी दे दी गई। 20 लोगों को लखनऊ के हायर सेंटर रेफर किया गया। हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे पर करीब आधे घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। लंबा जाम लग गया। 
_______________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments