Agra News: खबरें आगरा की......
30 दिन तक वेंटिलेटर सपोर्ट पर रहे मरीज को स्वस्थ किया एसएन की टीम ने
आगरा, 25 मई। एसएन मेडिकल कॉलेज ने एक बार फिर गंभीर मरीज को नई जिंदगी देकर चिकित्सा क्षेत्र में अपनी विशेषज्ञता साबित की है। नगला पदी, दयालबाग निवासी 23 वर्षीय चंद्रप्रकाश राठौर, जो एक भीषण सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे, अब पूरी तरह स्वस्थ होकर अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिए गए हैं। मरीज की हालत इतनी गंभीर थी कि उसे लगभग 30 दिन तक वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखना पड़ा। इस दौरान न्यूरोसर्जरी विभाग और आईसीयू टीम ने लगातार उसकी मॉनिटरिंग की।
जानकारी के अनुसार, चंद्रप्रकाश राठौर को विगत 4 अप्रैल को सड़क हादसे के बाद गंभीर हालत में अस्पताल के इमरजेंसी विभाग में भर्ती कराया गया था। जांच में सामने आया कि मरीज के मस्तिष्क को गंभीर क्षति पहुंची है। दुर्घटना के बाद मरीज को लगातार मिर्गी के दौरे पड़ रहे थे, जिससे उसकी स्थिति और अधिक नाजुक हो गई थी। डॉक्टरों ने तुरंत उसे सुपर स्पेशलिटी आईसीयू (SS-ICU) में शिफ्ट किया, जहां विशेषज्ञ टीम की निगरानी में इलाज शुरू किया गया। डॉक्टरों ने अत्याधुनिक चिकित्सा तकनीकों और दवाओं के जरिए मरीज की स्थिति को नियंत्रित किया। करीब 35 दिनों की कड़ी निगरानी और उपचार के बाद मरीज की हालत में सुधार आने लगा, जिसके बाद उसे आईसीयू से सामान्य वार्ड में शिफ्ट किया गया। उपचार में प्रमुख भूमिका निभाने वालों में डॉ. गौरव धाकरे, डॉ. मयंक अग्रवाल और डॉ. तरुणेश शर्मा शामिल रहे। वहीं, आईसीयू प्रबंधन की जिम्मेदारी आईसीयू हेड डॉ. अतिहर्ष मोहन ने संभाली।
_________________________________________
राम आयेंगे आयेंगे राम आयेंगे......
आगरा, 25 मई। रेस्पेक्ट एज इंटरनेशनल (अन्तर्राष्ट्रीय वृद्धजन सम्मान समिति) एवम सुभारत संगीत निकेतन, सिकंदरा के संयुक्त तत्वावधान में पवित्र पुरुषोत्तम अधिक मास के शुभ अवसर पर "सनातन भक्ति संगीत संध्या" का दूसरा आयोजन श्री हरिकृष्ण वृद्ध जन सम्मान भवन, पश्चिम पुरी सिकंदरा में संपन्न हुआ।
संध्या में गायकों और नृत्य कलाकारों ने कवियों की भक्ति रचनाओं की प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। देवाशीष गांगुली के निर्देशन में संगीत डिप्लोमा के विद्यार्थियों में समृद्धि सिंह ने राम आयेंगे आयेंगे राम आयेंगे, मेरी झोपड़ी के भाग खुल जाएंगे राम आएंगे...भजन सुनाया। रियान खान, प्रशांत परिहार ने सजा दो घर को गुलशन से अवध में राम आए हैं...भजन सुनाया। बिंदु सत्संगी ने गांठ पड़े पिया बोले ना हमसे...राधा स्वामी भाव भजन सुनाया। सूर्यांश पाठक ने बांसुरी वादन किया। चित्रा गोयल, राजेश कुमार ने मीराबाई का भजन सुनाया। रागिनी जैन, प्रतिक्षा जैन ने जैन भजन की प्रस्तुति की। निशा गोस्वामी ने रामचरित मानस के पदों का गायन किया। निखिल कुलश्रेष्ठ ने फूलों में सज रहे हैं श्री वृन्दावन बिहारी, और साथ सज रही हैं वृषभानु की दुलारी...भजन सुनाया। योगेश्व राय ने शिव स्तुति प्रस्तुत की। वैभव शर्मा, कपिल सागर, शांभवी ठाकुर, उत्कर्ष तिवारी ने गुरु बिन किस विधि ज्ञान मैं पाऊं...की राग यमन में बंदिश प्रस्तुत की। पूजा अग्रहरि ने सुनाया मीठे रस से भरियो री राधा रानी लागे...। तबला संगत प्रशांत अदक व शुभाशीष गांगुली ने की। अवंतिका, रिया और दीक्षा ने भी राधा कृष्ण, श्री राम सीता और लक्ष्मण जी के स्वरूप में समृद्धि सिंह के लोकप्रिय भजन के साथ सुंदर भाव नृत्य प्रस्तुत किया।
भजन संध्या का शुभारंभ समिति के सेवा प्रमुख डॉ. गिरीश गुप्ता, कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. वी. डी. अग्रवाल, सुभारत संगीत निकेतन के संस्थापक पं. देवाशीष गांगुली, मंजू गुप्ता, पुष्पांजलि नर्सिंग कॉलेज के राजेश गुप्ता, नूतन गुप्ता, संस्कार भारती के महानगर महामंत्री ओम स्वरूप गर्ग, राजीव सिंघल, संगीत निकेतन के सचिव शुभाशीष गांगुली, संजीव मिश्रा, समृद्धि सिंह ने किया।
_________________________________________
तीन दिन में 350 वाहनों की सघन चेकिंग, 24 वाहन सीज, 100 के चालान
आगरा, 25 मई। अवैध खनन, परिवहन, ओवरलोडिंग पर प्रभावी अंकुश व रोकथाम हेतु चलाये जा रहे विशेष अभियान में राजस्व, खनन, परिवहन व पुलिस विभाग की संयुक्त टास्क फोर्स द्वारा लगातार कार्यवाही की जा रही है। इस बाबत गठित टीम के सदस्यों द्वारा 22 से 24 मई तक कुल 350 वाहनों की चेकिंग जनपद के विभिन्न मार्गों पर की गयी। अनियमितता पाये जाने पर कुल 24 वाहनों को विभिन्न थाना/चौकियों में अवरूद्ध किया गया। एक सौ वाहनों के विरुद्ध चालान की कार्यवाही की गयी। बिना HSRP नम्बर प्लेट व नम्बर प्लेट से छेड-छाड कर व ढक कर परिवहन कर रहे 29 वाहनों पर चालान की कार्यवाही की गई। तीन वाहनों को सीज किया गया।
_________________________________________
राजीव गाँधी देश को विकसित भारत के रूप में देखना चाहते थे
आगरा, 25 मई। हिन्दुस्तानी बिरादरी के अध्यक्ष डॉ. सिराज कुरैशी ने सदर भट्टी स्थित कार्यालय पर पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गाँधी की पुण्य तिथि पर कहा कि हमें यकीन है कि एक दिन भारत विकसित देश कहलाएगा। देश के पूर्व प्रधानमन्त्री एवं विपक्ष के नेता राहुल गाँधी के पिता स्व. राजीव गाँधी इस देश को विकसित भारत के रूप में देखना चाहते थे आज शायद ऐसा ही सपना वर्तमान प्रधानमन्त्री माननीय नरेन्द्र मोदी संजोये हुए हैं।
आल इन्डिया जमीतुल कुरैशी के उपाध्यक्ष मोहम्मद शरीफ ने कहा कि अगर आज राजीव गाँधी जीवित होते तो भारत का नक्शा ही कुछ और होता। विशाल शर्मा, राजकुमार नागरथ, जिया उद्दीन कुरैशी, दीप शर्मा, ग्यास उद्दीन, कामरान कुरैशी, रफीक खान ने भी विचार व्यक्त किए। संचालन अदनान कुरैशी ने किया।
_________________________________________
धरा चेतना फाउंडेशन ने मनाया प्रथम स्थापना दिवस
आगरा, 25 मई। समाज के लिए रचनात्मक सोच और नेक इरादों को लेकर जब हम चलते हैं तो सभी का सहयोग मिलता है, इससे संस्थाएं कार्य में विस्तार पाती हुई आगे बढ़ती हैं। यह कहना था धरा चेतना फाउंडेशन के प्रथम स्थापना दिवस समारोह के मुख्य अतिथि लखनऊ के शेखर दीक्षित का। मुख्य वक्ता सांस्कृतिकर्मी अरुण डंग ने कहा धरा चेतना फाउंडेशन की सामाजिक-सांस्कृतिक क्षेत्र में सक्रियता उत्साहवर्धक है, इससे जुड़े युवा नई सोच के साथ आगे बढ़कर समाज में कुछ करने का इरादा रखते हैं। विशिष्ट अतिथि उद्यमी डॉ. रंजना बंसल ने कहा कि समाज सेवा के क्षेत्र में बहुत कुछ करने की संभावनाएं हैं।
अध्यक्ष दीपाली सिंह ने धरा चेतना फाउंडेशन के बारे में बताया। सार्थक चर्चा के अलावा कार्यक्रम में बच्चों की प्रस्तुतियों ने भी सबका मन मोह लिया। पलक नैनानी ने गणेश वंदना प्रस्तुत की। रुद्रा, मिश्का प्रभाकर, अंशिका एवं अहाना द्वारा प्रस्तुत नारी सशक्तिकरण पर आधारित नाटक ने सभी को भावुक कर दिया। इस दौरान डॉ. मुनीश्वर गुप्ता, दीपक प्रहलाद, राजबहादुर राज, प्रो. नीलू शर्मा, आदर्श नंदन गुप्त, श्रुति सिन्हा, कपिल सिंघल, प्रताप पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य यतेंद्र सोलंकी, ओमवीर, डॉ. विनोद यादव, कवि ईशान देव, नृत्याचार्य अभिषेक निगम, आभा मेहरा, अंजना गोस्वामी, नरेंद्र कौर, पियूष प्रभाकर, गौतम, कुमार ललित, डॉ. महेश धाकड़ मौजूद रहे। श्रुति सिन्हा ने अंगवस्त्र भेंट कर सबको सम्मानित किया।
_________________________________________

Post a Comment
0 Comments