आगरा, 20 मई। थाना छत्ता क्षेत्र स्थित बेलनगंज के सूरजभान फाटक इलाके में बुधवार को सड़क किनारे खड़ी दो गाड़ियों में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते गाड़ियों से ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। आग की लपटों और धुएं से आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में दहशत फैल गई। दुकानदार अपनी दुकानों से बाहर निकल आए और आसपास खड़े वाहन हटाने लगे। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। कुछ ही देर में आग ने दोनों वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास के इलाके में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
 Get an exciting opportunity by clicking this advertisement
फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए पाइप और पानी की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। कई लोग बाल्टियों और पाइप के जरिए लगातार पानी डालते रहे ताकि आग आसपास की दुकानों और अन्य वाहनों तक न फैल सके। लोगों की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया।
सूचना पर थाना छत्ता पुलिस मौके पर पहुंच गई और लोगों को सुरक्षित दूरी पर किया। पुलिस ने बाजार में भीड़ को नियंत्रित करते हुए यातायात भी डायवर्ट कराया। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी माना जा रहा है।______________________________________