कपड़े फटे हुए और हाथ में लगी थी ड्रिप की सुई, सड़क किनारे मिला क्षत्रिय महासभा अध्यक्ष के बेटे का शव

आगरा, 16 मई। थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र में यमुना पार क्षत्रिय महासभा के अध्यक्ष विनोद परमार के बेटे आकाश परमार का शव संदिग्ध परिस्थितियों में सड़क किनारे पड़ा मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की उम्र करीब 21 वर्ष बताई जा रही है। घटना इंदिरा ज्योति नगर क्षेत्र की है। 
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, स्थानीय लोगों ने किसी युवक का शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना ट्रांस यमुना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मृतक की शिनाख्त आकाश परमार उर्फ काकू पुत्र विनोद परमार के रूप में हुई। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। 
काकू पेशे से कंपाउंडर था। शव मिलने पर उसके कपड़े फटे हुए थे और हाथ में ड्रिप की सुई लगी हुई थी, जिससे घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। परिजनों के अनुसार, काकू को आखिरी बार एक ऑटो चालक के ऑटो में देखा गया था, जिसके बाद वह लापता हो गया। उसकी बुलेट बाइक भी अभी तक बरामद नहीं हो सकी है। परिजनों ने इसे हत्या का मामला बताते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच में जुटी हुई है।
परिजनों ने आकाश की मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि आकाश की किसी से रंजिश नहीं थी और जिस हालात में शव मिला है, उससे मामला सामान्य नहीं लग रहा। 
परिजनों ने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि घटना से जुड़े सुराग जुटाए जा सकें। शुरुआती जांच में पुलिस हर एंगल से मामले की पड़ताल कर रही है।
थाना ट्रांस यमुना पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस संदिग्ध परिस्थितियों में मौत मानकर जांच आगे बढ़ा रही है। 
_________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments