बस में बदल गया बैग, रखे थे दस लाख के आभूषण, नहीं डोला महिला का ईमान, जिसका था उसे लौटा दिया
आगरा, 16 मई। रोडवेज बस में सफर कर रही महिला ने ईमानदारी की मिसाल पेश करते हुए दूसरी महिला का दस लाख रुपये के स्वामभूषणों से भरा बैग लौटा दिया। इन महिलाओं के बैग आपस में बदल गए थे।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, ग्राम फरेरा मुड़ियापुरा निवासी भोजवती पुत्रवधु भीकम सिंह शुक्रवार की शाम रिश्तेदारी से रोडवेज बस द्वारा घर लौट रही थीं। उसी बस में पिढ़ाैरा के गांव चंडीशाल निवासी मंजू देवी भी अपने मायके जा रही थीं। दोनों महिलाएं एक-दूसरे से अंजान थीं। बस से उतरते समय दोनों के बैग आपस में बदल गए, जिसकी जानकारी उन्हें नहीं हो सकी। मंजू देवी बसई अरेला के स्याहीपुरा चौराहे पर उतरने के बाद जब बैग देखने लगीं, तब उन्हें बैग बदलने का पता चला।
उन्होंने वहां मौजूद ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी।
ग्रामीणों ने उन्हें बैग खोलने से मना कर दिया और इंतजार करने की सलाह दी। कुछ देर बाद दूसरी महिला भोजवती अपने ससुर भीकम सिंह के साथ रोते-बिलखते हुए स्याहीपुरा चौराहे पर पहुंचीं और बैग बदलने की बात बताई। इस पर मंजू देवी ने बैग उन्हें सौंप दिया। बैग में रखे करीब दस लाख रुपये के सोने के आभूषण देखकर भोजवती ने सामान की पहचान की और राहत की सांस ली। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने ईमानदारी की मिसाल पेश करने वाली महिला की जमकर प्रशंसा की।
________
Post a Comment
0 Comments