यमुना एक्सप्रेस वे पर खड़े ट्रक में घुसी कैशवैन, एक की मौत, तीन अन्य गंभीर
आगरा, 25 मई। यमुना एक्सप्रेस-वे पर सोमवार की सुबह थाना खंदौली क्षेत्र में भीषण सड़क हादसा हो गया। नादऊ कट के पास तेज रफ्तार बुलेरो कैशवैन सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर से वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें दो की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार हादसा सुबह करीब 11 बजे हुआ। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई। कैशवैन में फंसे घायलों को बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।
वाहन पूरी तरह दब जाने के कारण गैस कटर की मदद से गाड़ी काटकर सभी को बाहर निकाला गया।
पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया, जहां उनका इलाज जारी है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि कैशवैन तेज रफ्तार में थी और चालक को खड़ा ट्रक दिखाई नहीं दिया, जिसके चलते यह दर्दनाक हादसा हुआ।
__________________________________________

Post a Comment
0 Comments