बोगस फर्म बनाकर 4.31 करोड़ की जीएसटी चोरी!
आगरा, 25 मई। शहर में बोगस फर्म बनाकर 4.31 करोड़ रुपये के इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) चोरी के एक और मामले का खुलासा हुआ है। राज्यकर अधिकारी रुद्रेश कुमार चौबे की ओर से इस मामले में थाना लोहामंडी में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
जीएसटी चोरी और फर्जी फर्मों के जरिए आईटीसी क्लेम करने के कई मामले पूर्व में भी सामने आ चुके हैं। अब तक ऐसे मामलों में 15 लोगों को जेल भेजा जा चुका है।
खबरों के अनुसार, वर्ष 2017-18 में विभाग में पंजीकृत फर्म कार्तिक मेटल एंड एलॉय, शाहदरा नुनिहाई ने 23.90 करोड़ रुपये की आउटवर्ड सप्लाई घोषित की थी। जांच में सामने आया कि फर्म ने अस्तित्वहीन कंपनियों से बिना वास्तविक माल खरीदे केवल कागजी दस्तावेजों के आधार पर इनवर्ड सप्लाई दर्शाई। इसी आधार पर बोगस आईटीसी का क्लेम किया गया।
फर्म ने वित्तीय वर्ष 2017-18 में करीब 44 लाख रुपये और वर्ष 2018-19 में 3.86 करोड़ रुपये की राजस्व हानि पहुंचाई। इस तरह कुल 4.31 करोड़ रुपये की जीएसटी चोरी सामने आई।
शिकायत के अनुसार, फर्म की मालिक घटिया आजम खां निवासी श्वेता बंसल हैं। जब राज्य कर विभाग की टीम जांच के लिए मौके पर पहुंची तो दर्ज पते पर इस नाम की कोई फर्म संचालित नहीं मिली।
एसीपी लोहामंडी गौरव सिंह का कहना है कि राज्य कर विभाग की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
_______________________________________

Post a Comment
0 Comments