अमेरिकी विदेश मंत्री ने पत्नी के साथ एक घंटे तक निहारा ताज, आम पर्यटक और जनता हुई परेशान

आगरा, 25 मई। अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो सोमवार की सुबह अपनी पत्नी जीनेट रुबियो के साथ ताजमहल पहुंचे। इससे पहले खेरिया एयरपोर्ट पर पुलिस कमिश्नर  दीपक कुमार और जिलाधिकारी मनीष बंसल ने उनका स्वागत किया। रूबियो ने साथ उनकी पत्नी जीनेट और अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर थे। 
आगरा पहुंचने के बाद उनका काफिला सीधे विश्व प्रसिद्ध ताजमहल के लिए रवाना हुआ, जहां उन्होंने करीब एक घंटे तक भ्रमण किया। इस दौरान गाइड ने उन्हें ताजमहल के इतिहास, वास्तुकला और मुगलकालीन विरासत की विस्तार से जानकारी दी। डायना बेंच पर उन्होंने अपनी पत्नी के साथ फोटोशूट भी कराया। अमेरिकी विदेश मंत्री ने विजिटर बुक में ताजमहल को 'अद्भुत धरोहर' बताते हुए इसकी सुंदरता और ऐतिहासिक महत्व की प्रशंसा की।
रुबियो की यात्रा को लेकर ताजमहल परिसर में सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम किए गए थे। इस दौरान अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारी, स्थानीय प्रशासन और पुलिस टीम संयुक्त रूप से मौजूद रही। पूरे रूट पर पुलिस बल तैनात किया गया और कई जगह ट्रैफिक डायवर्जन भी लागू किए गए।
ताजमहल भ्रमण के बाद रुबियो के लिए होटल अमर विलास में लंच की व्यवस्था की गई। दोपहर करीब 12:50 बजे वह विशेष विमान से जयपुर के लिए रवाना होंगे। वह चार दिवसीय भारत यात्रा पर आए हुए हैं।
Get an exciting opportunity by clicking this advertisement 
अमेरिकी विदेश मंत्री के ताजमहल दौरे के दौरान आम पर्यटकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। भीषण गर्मी और 45 डिग्री तापमान के बीच सुरक्षा प्रोटोकॉल के चलते कई पर्यटकों को ताजमहल परिसर में रोक दिया गया। मक़बरे तक जाने पर भी रोक रही, जबकि कागजों में स्मारक को बंद नहीं दिखाया गया। इससे देश-विदेश से आए सैलानियों में नाराजगी दिखी। खेरिया एयरपोर्ट से ताजमहल तक वीआईपी मूवमेंट के कारण यातायात भी प्रभावित रहा। इससे स्थानीय लोगों और यात्रियों को जाम व रुकावटों का सामना करना पड़ा।
रुबियो की भारत यात्रा को सिर्फ एक औपचारिक दौरे के तौर पर नहीं देखा जा रहा। माना जा रहा है कि आने वाले महीनों में एशिया की राजनीति, चीन की बढ़ती ताकत और पाकिस्तान की भूमिका को लेकर अमेरिका भारत के साथ अपने रिश्तों को और मजबूत करना चाहता है।
__________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments