बाग फरजाना में नाला निर्माण कार्य के दौरान चिकित्सक के घर की दीवार ढही, एक मजदूर मृत, दो घायल
आगरा, 07 मई। थाना हरिपर्वत क्षेत्र के अंतर्गत बाग फरजाना में गुरुवार को नाला निर्माण के दौरान दंत चिकित्सक के घर की दीवार ढह जाने से एक मजदूर की मौत हो जाने की सूचना है। दो मजदूर घायल भी हुए हैं।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, मकान की दीवार गिरने से नाला सफाई कर रहे मजदूर चपेट में आकर मलबे में दब गए। हादसे में मरने वाले श्रमिक का नाम रमेश निवासी लकावली बताया गया है।
बाग फरजाना में नगर निगम की ओर से नाला निर्माण कार्य कराया जा रहा है। यहां मजदूर पुराने नाले की दीवार तोड़ रहे थे। इसी दौरान नाले से सटी डॉ नागरथ के घर की दीवार अचानक दो मजदूरों के ऊपर जा गिरी। दीवार गिरते ही चीखपुकार मच गई। आसपास के लोगों और कर्मचारियों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और दोनों मजदूरों रमेश और करन को बाहर निकाला। एक अन्य मजदूर, जो वहीं काम कर रहा था उसके हाथ में भी चोट आई है।
घायल करन भी मृतक रमेश के ही गाँव का निवासी है। करन को इलाज के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि हादसे में उसके दोनों पैरों, सिर और हाथ में गंभीर चोट आई हैं। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
एक प्रत्यक्षदर्शी ने कहा कि मजदूर काफी देर से नाले की दीवार तोड़ने का कार्य कर रहे थे। तभी अचानक पास की दीवार भरभराकर गिर गई। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और घायलों को अस्पताल भिजवाया।
_________________________________________
Post a Comment
0 Comments