कर्मचारी ही निकला आरके मार्केटिंग शोरूम में चोरी करने वाला, बंद होने से पहले शोरूम में ही छिप गया था
आगरा, 23 मई। थाना सिकंदरा क्षेत्र में सिकंदरा-बोदला मार्ग पर स्थित आरके मार्केटिंग इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम में चोरी करने वाला शोरूम कर्मचारी ही निकला। अभियुक्त ने कुछ दिन पहले ही नौकरी छोड़ी थी और अपना हिसाब करने आया था। इसी दौरान वह शोरूम में छिप गया और शोरूम बंद होने के बाद चोरी करके भाग निकला।
आरके मार्केटिंग के मैनेजर ने चार दिन पहले 19 मई को चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। जिसमें कहा गया था कि 17 मई की रात शोरूम बंद किया गया था। अगले दिन सुबह शोरूम खुलने पर गल्ले में रखे करीब 5.50 लाख रुपये गायब मिले। इसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी सोनू को भावना क्लार्क होटल के पास से गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने चोरी की बात कबूल कर ली। पुलिस ने सोनू के कब्जे से 1.75 लाख रुपये नकद, एक मोबाइल फोन, एक चेन और एक जोड़ी पायल बरामद की है। आरोपी मूल रूप से इटावा का रहने वाला है और फिलहाल बोदला क्षेत्र में किराये पर रह रहा था। आरोपी ने चोरी के पैसों से मोबाइल फोन, चांदी की चेन और पायल खरीदी थी, जबकि बाकी रकम शराब और मौज-मस्ती में खर्च कर दी।
Get an exciting opportunity by clicking this advertisement
जांच में पता चला कि गिरफ्तार आरोपी सोनू पहले उसी शोरूम में काम करता था। कुछ दिन पहले उसने नौकरी छोड़ दी थी। घटना वाले दिन वह अपने बकाया पैसे लेने शोरूम पहुंचा था। आरोपी ने कर्मचारियों से कहा कि वह साथ वाले लड़कों से मिलकर आ रहा है और इसी बहाने वह अंदर चला गया। इसके बाद वह शोरूम में ही छिप गया।
पुलिस के अनुसार, शोरूम बंद होने के बाद आरोपी बेसमेंट में पहुंचा और वहां सीढ़ी लगाकर ऊपर फ्लोर तक गया। गल्ले में रखी नकदी निकालने के बाद वह फिर बेसमेंट में लौटा। इसके बाद लिफ्ट के जरिए टेरेस पर पहुंचा और वहां से दीवार पर लगे बड़े बैनर के सहारे नीचे उतरकर फरार हो गया।
_______________________________________

Post a Comment
0 Comments